UP उपचुनाव मतगणना: शुरुआती रुझान में हमीरपुर से बीजेपी आगे

UP उपचुनाव मतगणना: शुरुआती रुझान में हमीरपुर से बीजेपी आगे

हमीरपुर

उत्तर प्रदेश की हमीरपुर, छत्तीसगढ़ की दंतेवाड़ा, केरल की पाला, त्रिपुरा की बाधरघाट की विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना शुरू हो गई है. यूपी के हमीरपुर के सुमेरपुर स्थित कृषि उत्पादन मंडी परिसर में वोटों की गिनती हो रही है, जिनमें 9 प्रत्याशी की किस्मत दांव पर लगी है.

हमीरपुर सीट पर 23 सिंतबर को हुए उपचुनाव में 51 फीसदी वोटिंग हुई थी. जबकि छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव में 60.1 फीसदी वोटिंग हुई थी.

हमीरपुर सीट पर बीजेपी के युवराज सिंह, बसपा के नौशाद अली, सपा के डॉ. मनोज कुमार प्रजापति और कांग्रेस के हर दीपक निषाद सहित 9 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे थे. इस उपचुनाव में विपक्षी दलों के किसी बड़े नेता ने प्रचार नहीं किया था. जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद बीजेपी प्रत्याशी युवराज सिंह के समर्थन में प्रचार किया था.

बता दें कि हमीरपुर विधायक रहे अशोक सिंह चंदेल को हत्या के एक मामले में हाई कोर्ट से आजीवन कारावास की सजा मिलने के बाद उनकी सदस्यता खत्म होने से यह सीट रिक्त हुई थी. 2014 के बाद से यह पहला मौका है जब सभी प्रमुख दल अकेले मैदान में हैं.

केरल के पाला विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव में 13 उम्मीदवार उतरे हैं. यहां पूर्व वित्त मंत्री एवं केरल कांग्रेस (एम) के नेता केएम मणि के निधन के चलते उपचुनाव हुए हैं. जबकि त्रिपुरा की बाधारघाट सीट बीजेपी विधायक दिलीप सरकार के निधन के कारण रिक्त है.