भोपाल। भोपाल में रहने वाली शासकीय स्कूल की शिक्षिका का चयन कौन बनेगा करोड़पति के लिए हुआ है। ये शिक्षिका हैं डॉ. ऊषा खरे, जो जहांगीराबाद में स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य हैं।
कर्मवीर एपिसोड
शिक्षिका का चयन केबीसी के कर्मवीर एपिसोड के लिए हुआ है। गौरतलब है कि कर्मवीर एपिसोड में विशेष क्षेत्र में योगदान देने वाले व्यक्तियों को शामिल किया जाता है।
18 को प्रसारण
खरे 18 दिसंबर को प्रसारित होने जा रहे केबीसी के कर्मवीर एपिसोड में अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर सवालों का जवाब देतीं नजर आएंगी।
शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान
इनका चयन शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए हुआ है। डॉ. खरे को 2017 में राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान भी मिल चुका है। इसके अलावा वह राज्यस्तरीय शिक्षक सम्मान से भी सम्मानित हो चुकी हैं। उन्होंने एक सरकारी स्कूल को हाइटेक की श्रेणी में ला दिया है। इस स्कूल में छात्राएं टैबलेट के माध्यम से पढ़ाई करती हैं। स्कूल का पूरा कोर्स टैबलेट पर उपलब्ध है, जिसके माध्यम से छात्राएं पढ़ती हैं।
छात्राएं बोल रही फर्राटेदार अंग्रेजी
2014 में अंग्रेजी मीडियम स्कूल की शुरुआत हुई। वे इस स्कूल में 2011 से पदस्थ हैं। तब इस स्कूल में 400 छात्राएं अध्ययनरत थी। वर्तमान में इस स्कूल में करीब 1200 छात्राएं पढ़ रही हैं। इस स्कूल की करीब 300 छात्राओं को माइक्रोसॉफ्ट कंपनी की तरफ से नि:शुल्क सर्टिफिकेशन कोर्स कराने के बाद नौकरी के भी प्रस्ताव मिले हैं। स्कूल की छात्राएं फर्राटेदार अंग्रेजी बोलती हैं।