WhatsApp में कमाल का फीचर, अपने से गायब हो जाएंगी भेजी फोटो

WhatsApp में कमाल का फीचर, अपने से गायब हो जाएंगी भेजी फोटो

 नई दिल्ली  

वॉट्सऐप (WhatsApp) में एक नया फीचर आने जा रहा है। यह फीचर बेहद खास होगा। वॉट्सऐप के इस फीचर का नाम डिसपिरिंग फोटोज फीचर (disappearing photos feature) है। इसे जल्द ही रोलआउट किया जाएगा। वॉट्सऐप में होने वाले बदलाव और इसके फीचर्स को ट्रैक करने वाली वेबसाइट WABetaInfo के मुताबिक, ऐंड्रॉयड और iOS दोनों ही यूजर्स के लिए इस खास फीचर को टेस्ट किया जा रहा है। 
 
WABetaInfo ने इस फीचर के कुछ स्क्रीनशॉट्स भी शेयर किए हैं, जिससे पता लगता है कि जिस व्यक्ति को आपने फोटो भेजा है, उसके फोटो देखने और चैट बंद करने के बाद भेजा गया फोटो गायब (डिसपियर) हो जाएगा। स्क्रीनशॉट्स से यह भी पता लगा है कि डिसपिरिंग फोटो भेजने के लिए आपको फोन की गैलरी से कोई फोटो चुनना होगा। फोटो सेलेक्ट करने के बाद आपको क्लॉक जैसे आइकन पर टैप करना होगा। क्लॉक जैसा आइकन Add a caption के करीब डिस्प्ले होगा। इतना करने के बाद आप किसी को डिसपिरिंग फोटो फीचर का इस्तेमाल करते हुए फोटोज भेज सकेंगे।