अदालत में अपने आखिरी दिन बेहद भावुक हुईं जस्टिस इंदु मल्होत्रा 

अदालत में अपने आखिरी दिन बेहद भावुक हुईं जस्टिस इंदु मल्होत्रा 

 नई दिल्ली  
जजों की रिटायरमेंट उम्र 70 साल तक किए जाने की बात करते हुए अटॉर्नी जनरल ने कहा, 'उन्हें यहां कम से कम 10 साल और काम करना चाहिए था। यह बेहद दुखद है कि इस कोर्ट में जज 65 साल की उम्र में ही रिटायर हो जाते हैं।'अटॉर्नी जनरल केके वेणुगोपाल ने इस मौके पर कहा कि यह एक विडंबना है कि अच्छे जज बहुत जल्दी रिटायर हो जाते हैं। सुप्रीम कोर्ट की जज इंदु मल्होत्रा शुक्रवार को अदालत में अपने आखिरी दिन बेहद भावुक हो गईं और वेयरफेल स्पीच पूरी नहीं कर पाईं। इसके चलते चीफ जस्टिस एसए बोबडे ने कहा कि वह चाहेंगे कि इंदु मल्होत्रा किसी और मौके पर अपने भाषण को पूरा करें। कोर्ट में अपने आखिरी दिन इंदु मल्होत्रा चीफ जस्टिस एसए बोबडे के साथ बेंच पर बैठी थीं। अटॉर्नी जनरल समेत देश के अन्य तमाम सीनियर अधिवक्ता भी उन्हें विदाई देने के लिए मौजूद थे। 

यही नहीं केके वेणुगोपाल ने इस दौरान सबरीमाला केस की सुनवाई को भी याद किया। उन्होंने कहा कि इंदु मल्होत्रा ही वह जज थीं, जिन्होंने अपने 4 पुरुष सहयोगियों से अलग राय जाहिर की थी। इस केस में 4 पुरुष जजों ने महिलाओं को सबरीमाला मंदिर में एंट्री देने की बात कही थी, जबकि इंदु मल्होत्रा ने इसका खिलाफ राय दी थी। उन्होंने अपनी राय देते हुए कहा था कि जब तक मामला असंवैधानिक न हो, तब तक धार्मिक मामलों में कोर्ट को दखल देने से बचना चाहिए। केके वेणुगोपाल ने उनकी जमकर तारीफ करते हुए कहा कि हम एक महान जज को अपने बीच से विदा कर रहे हैं।  

मुकुल रोहतगी समेत वरिष्ठ वकीलों ने की जमकर तारीफ: वहीं सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के प्रेसिडेंट विकास सिंह ने कहा कि वह हमेशा से वकीलों के लिए एक प्रेरणा रही हैं। यही नहीं सीनियर वकील मुकुल रोहतगी, पीएस नरसिम्हा, गोपाल शंकर नारायणन समेत कई अन्य दिग्गज हस्तियों ने भी उनकी खूब तारीफ की। इस दौरान चीफ जस्टिस एसए बोबडे ने उनसे जुड़े एक वाकये के बारे में बताते हुए जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि एक दौर में इंदु मल्होत्रा जब वकील थीं तो बहस के दौरान वह रुक ही नहीं रही थीं। 

सीजेआई ने बताया, कितनी तैयारी करके आती थीं इंदु मल्होत्रा: बोबडे ने कहा, 'वह अपना पक्ष रख रही थीं और इस दौरान वह रुक नहीं रही थीं। इस दौरान मैंने अपने साथी जज से पूछा कि आखिर वह बंद क्यों नहीं कर रही हैं, जबकि हम उनकी बात को समझ गए हैं। इस पर उन्होंने बताया कि इंदु मल्होत्रा पूरी तैयारी के साथ आई हैं और वह अपनी ओर से पूरी बात रखना चाहती हैं।'