आम आदमी पार्टी के एक हजार कार्यकर्ता भाजपा में शामिल
भोपाल/बैतूल
मध्यप्रदेश में चुनाव से पहले केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) को मंगलवार को बड़ा झटका लगा है। आप के बैतूल सांसद प्रत्याशी राजेश सरयाम के नेतृत्व में करीब एक हजार कार्यकर्ता बीजेपी में शामिल हो गए। यह सभी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान शामिल हो गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री के मंच से सभी कार्यकर्ताओं के बीजेपी में शामिल होने का दावा करते हुए उनका स्वागत किया गया।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा मंगलवार को बैतूल पहुंची। इस मौके पर बैतूल जिले से आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता और सांसद प्रत्याशी राजेश सरयाम ने अपने एक हजार कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भी पार्टी में आए नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। सरयाम आम आदमी पार्टी के सांसद प्रत्याशी रह चुके हैं और काफी वर्षों से बैतूल में सक्रिय हैं। चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता का भाजपा में शामिल होना काफी अहम माना जा रहा है। इससे आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है।
50 सालों में कांग्रेस ने कर दिया बर्बाद
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा मंगलवार को बैतूल पहुंची थी, इस मौके पर जनता को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि कांग्रेस की दिग्विजय सरकार पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 50 सालों में बैतूल को कुछ नहीं दिया। यहां की जनता विकास की राह देखती रही। चौहान ने कहा कि बैतूल के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। जो भी यहां की जनता मांगेगी वो मैं दूंगा।
bhavtarini.com@gmail.com 
