करिश्‍मा कपूर ने सिर्फ और सिर्फ पैसों के लिए ही शादी की थी: संजय कपूर

करिश्‍मा कपूर ने सिर्फ और सिर्फ पैसों के लिए ही शादी की थी: संजय कपूर


करिश्‍मा कपूर ने नब्‍बे के दशक में सिनेमा की दुनिया पर राज किया। यह वह दौर था, जब ऐक्‍टर्स करिश्‍मा के साथ काम करने को बेताब रहते थे। वह हर जवां दिल के सपनों की राजकुमारी थीं। करिश्‍मा कपूर की शादी पहले अभ‍िषेक बच्‍चन से होने वाली थी, लेकिन ऐन मौके पर वह रिश्‍ता टूट गया। फिर 2003 में करिश्‍मा कपूर ने संजय कपूर  से शादी की। शुरुआत में सब अच्‍छा रहा। समायरा और कियान दो बच्‍चे भी हुए। लेकिन शादी के 11 साल बाद 2014 में दोनों ने तलाक की अर्जी दे दी। 2016 में दोनों का तलाक हो गया। लेकिन यह सब इतना आसान भी नहीं था। संजय कपूर ने यहां तक आरोप लगाया कि करिश्‍मा कपूर ने पैसों के लालच में उनसे शादी  की थी। दोनों का तलाक बालिवुड के इतिहास में सबसे महंगे डिवोर्स केसेज में से एक है।

करिश्‍मा कपूर और संजय कपूर ने जब 2014 में अलग होने का फैसला किया, तो यह सभी के लिए चौंकाने वाली खबर थी। दोनों आपसी रजामंदी से अलग हो रहे थे, लेकिन कोर्ट पहुंचे-पहुंचे सबकुछ गंदा सा हो गया। बहुत गंदा। पहले करिश्‍मा कपूर ने आरोप लगाया कि संजय उन्‍हें खर्च के लिए जरूरी पैसे भी नहीं देते। जिसके बाद संजय ने भी दावा किया कि करिश्‍मा कपूर लालची हैं और ऐक्‍ट्रेस ने सिर्फ पैसों के लिए ही उनसे शादी की थी। यह लड़ाई दोनों बच्‍चों की कस्‍टडी को लेकर भी थी।

जब 2014 में तलाक की अर्जी फैमिली कोर्ट में दी गई, तब संजय कपूर के वकील अमन हिंगोरानी ने 'मिड डे' को दिए एक इंटरव्‍यू में कहा, 'हमने कोर्ट से यह कहा है कि तलाक की अर्जी आपसी रजामंदी से दी गई है। दोनों लोग आपसी सहमति से हर सेटलमेंट के लिए तैयार हैं।'

कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह कहा गया कि इस तलाक में करिश्‍मा कपूर को कुछ नहीं मिला। इस पर संजय कपूर के वकील ने इंटरव्‍यू में कहा, 'करिश्‍मा को खार इलाके में संजय कपूर का घर दिया गया है। इसके अलावा संजय कपूर ने बच्‍चों के लिए 14 करोड़ रुपये का बॉन्‍ड खरीदकर दिया है। सिर्फ इस बॉन्‍ड से हर महीने 10 लाख रुपये का ब्‍याज बनेगा।'

'स्‍पॉटबॉय' ने अपनी एक रिपोर्ट में तब बताया था कि संजय कपूर और करिश्‍मा में जो आपसी सहमति बनी है, इसके मुताबिक संजय कपूर समायरा  और कियान का सारा खर्च उठाएंगे। एक अन्‍य रिपोर्ट में यह कहा गया कि संजय कपूर के परिवार ने शादी पर करिश्‍मा को जो भी गहने दिए थे, वह सब उन्‍हीं के पास रहेंगे। यानी करिश्‍मा को कुछ भी लौटाना नहीं होगा।

संजय कपूर चाहते थे कि बच्‍चे उनके पास रहें। जबकि करिश्‍मा भी बच्‍चों को छोड़ना नहीं चाहती थीं। फैसला हुआ कि बच्‍चे करिश्‍मा के ही पास रहेंगे। जबकि संजय खास मौकों पर बच्‍चों से मिल सकेंगे। एक रिपोर्ट में कहा गया कि संजय कपूर को सालभर में दो से तीन महीने बच्‍चों के साथ रहने की छूट मिली है।


करिश्‍मा कपूर से तालक के बाद संजय कपूर ने 2017 में अपनी गर्लफ्रेंड प्रिया सचदेव  से शादी कर ली। बीच में करिश्‍मा का नाम भी बिजनसमैन संदीप तोशनीवाला से जुड़ा। संदीप भी शादीशुदा थे और पत्‍नी से तलाक चाहते थे। हालांकि, बाद में यह बात बातों-बातों में कहीं खो गई।