केंद्र सरकार ने बिहार से CRPF की दो बटालियन हटाने का दिया निर्देश

पटना
बिहार में एंटी नक्सल मुहिम में लगे अर्ध सैनिक बलों के दो बटालियन हटाये जायेंगे. इस मामले में केंद्र सरकार ने निर्देश जारी किया है जिसमें सीआरपीएफ की दो बटालियन हटाने का जिक्र है. दूसरी तरफ केंद्र सरकार के इस आदेश के बाद राज्य सरकार ने बटालियन नहीं हटाने का अनुरोध किया है.

इस संदर्भ में बिहार सरकार ने केंद्र सरकार को पत्र भी लिखा है. जानकारी के मुताबिक बिहार में सीआरपीएफ की 5 और एसएसबी की 3 कम्पनियां तैनात हैं. इनके अलावा सीआरपीएफ कोबरा की दो बटालियन भी बिहार में तैनात हैं. बिहार के हटाये जाने के बाद इस कंपनी की छत्तीसगढ़ में तैनाती की जानी है.

बिहार में चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन में पारा मिलिट्री (सीआरपीएफ व एसएसबी) के अलावा खासतौर पर बिहार पुलिस की एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) भी लगी हुई है. बिहार के वैसे इलाके जहां नक्सलियों का प्रभाव है वहां पारा मिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है.

हाल के दिनों में बिहार में नक्सली वारदातों में कमी आयी है लेकिन जमुई, गया, औरंगाबाद समेत अन्य कई जिलों में नक्सली समय-समय पर अपनी उपस्थिति का एहसास कराते रहते हैं. बिहार सरकार के अनुरोध के बाद ये देखना होगा कि क्या अर्ध सैनिक बलों के बटालियन को यहां से शिफ्ट किया जाता है या फिर केंद्र सरकार बिहार सरकार की बातों को मान लेती है.