खादी-ग्रामोद्योग बोर्ड में सौर संयंत्र शुरू
भोपाल
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री हर्ष यादव ने आज यहाँ मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्यालय भवन पर 20 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र का शुभारंभ किया। संयंत्र से सालाना 2 लाख 20 हजार रुपये की विद्युत बचत होगी। इस तरह चार वर्ष में संयंत्र की लागत निकल आयेगी।
मंत्री श्री यादव ने बताया कि भोपाल में चिकित्सा महाविद्यालय सहित पुलिस मुख्यालय एवं अन्य कई भवन सौर ऊर्जा से रोशन हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि बोर्ड में विगत 25 जनवरी को संयंत्र का शिलान्यास किया गया था। सिर्फ छह सप्ताह की अल्प अवधि में आज संयंत्र का उद्घाटन हो रहा है। श्री यादव ने कहा कि प्रदेश वैकल्पिक ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिये अन्य शासकीय भवनों पर भी सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के प्रयास किये जा रहे हैं। ऊर्जा विभाग क्लीन एनर्जी-ग्रीन एनर्जी के सिद्धांत पर काम कर रहा है।
इस मौके पर प्रमुख सचिव, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा श्री मनु श्रीवास्तव और प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड डॉ. मधु खरे भी उपस्थित थे।
bhavtarini.com@gmail.com 
