खुद को कम उम्र का बताकर आ गए नेशनल खेलने, 45 खिलाड़ी बाहर

खुद को कम उम्र का बताकर आ गए नेशनल खेलने, 45 खिलाड़ी बाहर

रायपुर
16वीं यूथ नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में डोप व बोन टेस्ट (नशा व उम्र पता करने की जांच) में 45 खिलाड़ियों पर गाज गिरी है। ओवरएज खिलाड़ियों का कॅरियर दांव पर लग गया है। ये खिलाड़ी अब नेशनल स्पर्धा से बाहर हो गए हैं। यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।

दिल्ली से टेस्ट के लिए आई डॉक्टरों की टीम ने बताया कि एक्सरे के जरिए बड़ा फर्जीवाड़ा का सामने आया है। खिलाड़ी फर्जी जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। 27 राज्यों से शामिल 600 से ज्यादा खिलाड़ियों में जिस राज्य के खिलाड़ी ओवरएज में फंसेंगे उन खिलाड़ियों के साथ संघ पर भी बड़ी कार्यवाही हो सकती है।

गौरतलब है कि 19 से 21 फरवरी तक आयोजित यूथ नेशनल स्पर्धा के दूसरे दिन बुधवार को भी अलग-अलग वर्ग की प्रतियोगिताएं हुईं। 19-20 के रिजल्ट में भी बदलाव होगा। जो खिलाड़ी ओवर एज के दायरे में आ गए हैं वे बाहर होंगे और जो खिलाड़ी बाहर हो गए थे उन्हें मौका मिलेगा।

यूथ नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप के आधार पर हांगकांग में होने वाली अंतरराष्ट्रीय यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भारतीय दल का चयन किया जाना है। बड़ी गड़बड़ी की वजह से परिणाम बदलेगा उसके बाद भारतीय एथलेटिक्स दल की घोषणा होगी।

ओवरएज में फंसे खिलाड़ियों के नाम फिलहाल जारी नहीं किए गए हैं। 2002-2003 के बीच जन्म लिए खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते थे लेकिन कई खिलाड़ी जन्म प्रमाण-पत्र में फर्जीवाड़ा कर नेशनल चैंपियनशिप खेलने पहुंचे हैं। बोन टेस्ट में उनकी उम्र का सही पता चल गया और उन्हें बाहर कर दिया गया।

हाल ही में आयोजित स्कूल नेशनल और खेलो इंडिया चैंपियनशिप में एथलेटिक्स में 200 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीतने वाला खिलाड़ी थी यहां ओवरएज में फंस गया है। इसकी जांच आगे भी होगी। अगर जांच में खिलाड़ी गलत पाया जाता है तो उस पर प्रतिबंध भी लग सकता है।