गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह का बड़ा बयान- रेप की घटनाएं तो प्रदेश में नहीं, पूरे देश में हो रही है
भोपाल
मध्यप्रदेश के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि रेप की घटनाएं तो प्रदेश में ही नहीं, पूरे देश में हो रही है। सिंह गुरुवार को मंदसौर रेप पीड़ित बच्ची से मिलने इंदौर आए थे वहां सेआगर मालवा आए थे और वे रेस् हाउस में मीडिया के सवालों के जवाब दे रहे थे।
गृहमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश में सबसे पहले रेप के खिलाफ सख्त कानून बनाने वाला प्रदेश बन गया है।
इससे पहले गृहमंत्री इंदौर पहुंचे, जहां मंदसौर में दरिंदगी की शिकार हुई बच्ची भर्ती थी। उन्होंने बच्ची के स्वास्थ्य के हालचाल लिए। गृहमंत्री ने कहा कि बच्ची की पढ़ाई से लेकर शादी और नौकरी तक की जिम्मेदारी सरकार की रहेगी।
स्लम एरिया में निगरानी होगी
गृहमंत्री ने यह भी घोषणा की है कि स्लम एरिया में भी असामाजिक तत्वों पर पुलिस खास निगरानी रखेगी। क्योंकि इन इलाकों में असामाजिक तत्व ज्यादा रहते हैं जो इस प्रकार की वारदात को अंजाम देते हैं।
पाकिस्तान ने बताया आरोपियों को हीरो
मंदसौर कांड के आरोपियों को पाकिस्तान ने हीरो बताया था, इस बारे में गृहमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान का एजेंडा ही भारत के खिलाफ दुष्प्रचार का रहा है।
पोर्न साइट पर लगे बैन
गृहमंत्री ने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाओं के लिए सोशल मीडिया और पोर्न वेब साइट्स जिम्मेदार हैं, जिन्हें प्रतिबंध करना चाहिए। मध्यप्रदेश सरकार ने 21 ऐसी वेबसाइट को पहले ही बैन कर दिया है।
पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान
इससे पहले गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह 24 अप्रैल 2018 को भी विवादित बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि रेप की घटनाओं के लिए पॉर्न साइट्स जिम्मेदार हैं। हालांकि उनके अनुसार यह खुलासा गृह मंत्रालय की एक रिपोर्ट में हुआ है। उन्होंने 25 पॉर्न साइट्स को बैन करने की बात भी कही थी। सिंह के बयान के बाद विपक्षी दल ने काफी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। गृहमंत्री का बयान उस घटना के बाद आया था जब इंदौर में एक मॉडल के साथ सरेराह छेड़छाड़ की घटना हुई थी।
यह भी कहा था
-मध्यप्रदेश सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को चिट्ठी लिखकर कहा था कि पॉर्न साइट्स पर प्रतिबंध लगाने का अनुरोध किया है।
-कम उम्र के बच्चों में अपराध की वजह पॉर्न साइट ही है। वे उसे देखकर प्रभावित होते हैं, साथ ही पॉर्न साइट्स बच्चों के मन पर गलत प्रभाव भी डालती है।
विधायक भी करा चुके हैं किरकिरी
हाल ही में मंदसौर रेप की घटना के पीछे इंदौर से भाजपा विधायक सुदर्शन गुप्ता भी विवादित टिप्पणी कर चुके हैं। वाकया उस समय का है जब रेप पीड़िता के माता-पिता से मिलने आए सांसद सुधीर गुप्ता अस्पताल पहुंचे थे। उसी समय विधायक ने पीड़िता के माता-पिता से कहा था कि आपको सांसदजी को धन्यवाद देना चाहिए क्योंकि वे उनकी बच्ची का हालचाल जानने के लिए खासतौर पर मंदसौर से इंदौर आए हैं।
दरिंदों को मिलेगी फांसी की सजा
गृहमंत्री ने कहा कि बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा मिले, इसके लिए सरकार प्रयास कर रही है।