जब प्रदेश महिला अपराधों से शर्मसार हो रहा था तब कहा थी भाजपा : संगीता शर्मा

जब प्रदेश महिला अपराधों से शर्मसार हो रहा था तब कहा थी भाजपा : संगीता शर्मा

भोपाल
प्रदेश की सियासत एक बार फिर महिला सशक्तिकरण के इर्द गिर्द घूम रही है। मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के महिलाओं को टिकट देने के बयान पर बीजेपी ने बवाल खड़ा कर दिया। कमलनाथ के बयान को महिला संगठनों ने कांग्रेस की कुत्सित मानसिकता का परिचायक बताया है। अब कांग्रेस प्रवक्ता संगीता शर्मा ने पलटवार किया है। उन्होंने महिला संगठनों से पूछा है कि यह संगठन उस समय कहां थे जब प्रदेश में महिलाएं और बच्चियां बलात्कार जैसी घटनाओं का शिकार हो रही थीं। 

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ये महिला नेत्रियां और महिला संगठन कहां थे जब भाजपा की 15 वर्षों की सरकार में हर दिन 15 महिलाओं के साथ रेप की घटनायें घटित हो रही थी। जब कहां थीं जब मासूम बच्चियों को हवस का शिकार बनाकर उनकी हत्या की जा रही थी। देश-मध्यप्रदेश को शर्मशार करने वाली नेशनल क्राइम रिकार्ड की रिपोर्ट में प्रदेश नबंर एक पर है तब ये क्यों मौन थीं। अब जब चुनाव है राजनीतिक लाभ लेने के लिए माननीय कमल नाथ जी के बयान को मुद्दा बनाया जा रहा है।  भाजपा की महिलाओं के प्रति संवेदना है या चुनावी लाभ लेने का प्रयास प्रदेश की जनता भाजपा का असली रूप देख चुकी है नतीजे ही इसका जवाब देंगे।

गौरतलब है कि  पत्रकारों से चर्चा के दौरान कमलनाथ से जब महिलाओं को कम टिकट देने पर सवाल पूछे गए तो उन्होंने कहा कांग्रेस ने महिलाओं को टिकट जीतने की क्षमता के आधार पर दिया है ना कि कोटा या सजावट के आधार पर। कमलनाथ के इस बयान को महिला संगठनों ने कांग्रेस की कुत्सित मानसिकता का परिचायक बताया था। महिला संगठनों का मानना है कि महिला सशक्तिकरण के इस युग में जब महिलाएं अपनी योग्यता और कुशलता के बल पर ऊंचे ऊंचे मुकाम हासिल कर रही हैं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान ने यह बता दिया है कि उनके मन मे महिलाओं का क्या दर्जा है।