जमुई पुलिस की गिरफ्त में आया सिरदर्द बन चुका पवन यादव, लूट-हत्या के मामलों में थी तलाश

जमुई
बिहार की जमुई पुलिस (Jamui Police) ने कार्रवाई करते हुए कई कांडों के अभियुक्त पवन यादव को पांच सौ ग्राम चरस और हथियार के साथ गिरफ्तार (Arrest) किया है. बरामद किए बाद गए चरस (Brown Sugar) की कीमत 5 लाख बताई जा रही है. गिरफ्तार अपराधी पवन यादव सीएसपी संचालक के साथ लाखों की लूटपाट और उसकी हत्या के अलावा शहर के सिरचंद नवादा में गोलीबारी समेत लगभग आधा दर्जन केस में वांछित था.

दशहरा के समय जमुई शहर के बोधवन तालाब इलाके में एक व्यवसायी के घर में घुसकर गोलीबारी करते हुए जान से मारने की धमकी देने के बाद जमुई शहर का पवन यादव चर्चा में आ गया था. मात्र 25 साल की उम्र का पावन बीते दिनों लगातार कई कांडों करने के बाद जमुई शहर में चर्चा में था. पवन यादव जमुई खैरा रोड इंदपै के पास सीएसपी संचालक नितेश सिंह के साथ लाखों की लूट के बाद उसकी हत्या के अलावा बीते दिनों सिरचन्द नवादा में अपने सहयोगी के साथ गोलीबारी कर तीन लोगों को घायल करने के मामले में भी वांछित था. इसके साथ ही वो शहर के कई मोहल्लों में लगभग आधा दर्जन आपराधिक मामलों में वांछित था.

पवन यादव को पुलिस ने नगर थाना इलाके के चौडीहा के पास गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार पवन यादव के पास से आधा किलो चरस की बरामद हुआ है जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 5 लाख बताई जा रही है. इसके अलावा पवन यादव के पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है. पुलिस सूत्रों की मानें तो हाल के दिनों में पवन यादव के गिरोह में लगभग तीन दर्जन युवक शामिल हो चुके हैं. पुलिस की चिंता है कि इस गिरोह में शामिल हुए लोगों की शिनाख्त कर उन्हें जेल भेजा जाए.

जमुई एसडीपीओ रामपुकार सिंह ने बताया कि पवन यादव के खिलाफ कई कांड दर्ज थे. गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. उसके बाकी सहयोगियों को भी गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार काम कर रही है. एसडीपीओ ने बताया कि शहर में शांति रहे और लोग दहशत के बीच ना रहें इसलिए पुलिस लगातार काम कर रही है.