दूल्हा-दुल्हन ने ऐसे लिए सात फेरे

लखनऊ
कोरोना लॉकडाउन के समय में हुई शादी की यादें भी खास रहने वाली हैं। कृष्णानगर के एक लॉन में शनिवार को वर-वधू ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अग्नि के सात फेरे लेकर शादी के पवित्र बंधन में बंधे गये। इस दौरान कोविड नियमों का भी दोनों परिवारों ने ख्याल रखा। कोरोना के संकट से बचने के लिए दिन में शादी की। इस दौरान वर-वधू ने पहले खुद को सैनिटाइज किया। फिर मास्क लगाकर सात फेरे लिये और सात जन्मों के लिए एक दूजे के हो गए।
दिल्ली निवासी डीके श्रीवास्तव और बंगला बाजार निवासी कृति श्रीवास्तव का विवाह लॉकडाउन होने से पहले ही 24 अप्रैल को होना तय हो गया था। दोनों परिवारों ने महीनों पहले शादी तय कर दी थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण शनिवार को लॉकडाउन लग गया। ऐसे में प्रशासन की अनुमति पाकर वर-वधू ने दिन में शादी के पवित्र बंधन में बंध गये। विवाह समारोह में करीब 30 लोग ही शामिल हुए।
दीपक ने बताया कि बारात में उनकी ओर से केवल पांच लोग ही शामिल हुए। उन्होंने बताया कि प्रशासन की अनुमति के बाद हमने सभी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दी गई हिदायतों का पालन किया। लॉकडाउन में शादी होगी, ऐसा कभी सोचा भी नहीं था। ये लम्हा भी याद रहेगा। डीजे संचालक मनीष अरोड़ा ने बताया कि शादी में कोविड नियमों का पूरा ख्याल रखा गया।