नए सीएम प्रमोद सावंत को जीत का भरोसा, गोवा सरकार का बहुमत परीक्षण आज
पणजी
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की गोवा सरकार बुधवार को फ्लोर टेस्ट का सामना करेगी। मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद स्पीकर प्रमोद सावंत ने सीएम पद की शपथ ली थी। उनके साथ ही सहयोगी पार्टियों से एक-एक उपमुख्यमंत्री ने भी शपथ ली थी। सरकार 21 विधायकों के साथ बहुमत का दावा पेश करेगी। इनमें से 12 विधायक बीजेपी से, 3 गोवा फॉरवर्ड पार्टी और 3 महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी और 3 निर्दलीय विधायक हैं।
बता दें कि सदन की कुल संख्या 36 की है, जिसमें से बहुमत साबित करने के लिए सावंत को केवल 19 विधायकों का साथ चाहिए। इस सत्र की अध्यक्षता डेप्युटी स्पीकर माइकल लोबो करेंगे। फ्लोर टेस्ट में सफलता को लेकर आश्वस्त सावंत का कहना है, 'गठबंधन सरकार में बड़ी पार्टी सत्ता चलाती है। इस मामले में बीजेपी बड़ी पार्टी है। हमने उनकी सभी शर्तें मान लगी हैं और हम सबको विश्वास में लेकर अगले तीन साल तक स्थाई सरकार चलाएंगे।'
बीजेपी के सामने मुश्किलें
सावंत आगामी उपचुनाव और लोकसभा चुनाव दोनों में जीत हासिल करने को लेकर खुद को आश्वस्त बता रहे हैं लेकिन उन्हें सहयोगी दलों की आक्रामकता और अंदरूनी असंतोष दोनों से जूझना होगा। राज्य के अगले स्पीकर बताए जा रहे मौजूदा डिप्टी स्पीकर बीजेपी एमएलए माइकल लोबो का कहना है कि उनकी दिलचस्पी स्पीकर बनने में नहीं है।
bhavtarini.com@gmail.com 
