नेता विपक्ष अजय सिंह और शिवराज सिंह चौहान सरकार के 11 मंत्री हारे

भोपाल
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के बेटे अजय सिंह (कांग्रेस) अपनी परंपरागत सीट चुरहट से हार गए हैं. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 11 मंत्री चुनाव हार गए हैं.
हालांकि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस प्रत्याशी एवं मध्यप्रदेश के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव को अपनी परंपरागत सीट बुधनी से 58,999 मतों से पराजित कर दिया है, लेकिन भाजपा और कांग्रेस में से अभी तक किसी को बहुमत का जादुई आंकड़ा नहीं मिला है. चौंकाने वाली बात यह है कि शिवराज सरकार के 11 मंत्री चुनाव हार गए हैं. इससे समझा जा सकता है कि मध्य प्रदेश की जनता शिवराज सरकार के कामों से खुश नहीं थी.
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के बेटे अजय सिंह (कांग्रेस) अपनी परंपरागत सीट चुरहट से हार गए हैं. अजय सिंह को भाजपा के शरदेन्दु तिवारी ने 6,402 मतों से पराजित कर उनसे यह सीट छीन ली है.
तिवारी को 71,909 मत मिले, जबकि अजय सिंह को 65,507 मत मिले. यह जानकारी सीधी जिले के निर्वाचन अधिकारी दिलीप कुमार ने दी. अजय सिंह इस सीट से वर्ष 1998 से चार बार लगातार विधायक रहे. इस सीट से वह पहली बार हारे हैं.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के पुत्र जयवर्धन सिंह ने अपनी पम्परागत सीट राघौगढ़ से 46,697 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की. उन्होंने भाजपा के भूपेन्द्र सिंह रघुवंशी को पराजित कर इस सीट पर अपना कब्जा कायम रखा है.
वहीं, दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह ने चाचौड़ा विधानसभा सीट पर भाजपा की वर्तमान विधायक ममता मीणा को 9,797 मतों से पराजित किया. भगवानपुरा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार केदार चिड़ाभाई डावर ने भाजपा की प्रत्याशी जमना सिंह सोलंकी को 9,716 मतों से पराजित किया.
चुनाव हारने वाले मंत्रियों के नाम हैं-
- उमाशंकर गुप्ता
- अर्चना चिटनिस
- जयभान सिंह पवैया
- ओम प्रकाश धुर्वे
- अंतर सिंह आर्य
- दीपक जोशी
- ललिता यादव
- बालकृष्ण पाटीदार
- लाल सिंह आर्य
- रुस्तम सिंह
- नारायण सिंह कुशवाहा