पुलिस रिकॉर्ड में फरार हत्यारोपी पति को विधानसभा में लेकर घूमती रही विधायक रामबाई

पुलिस रिकॉर्ड में फरार हत्यारोपी पति को विधानसभा में लेकर घूमती रही विधायक रामबाई

भोपाल
 प्रदेश में मंत्री बनने को लालायित पथरिया से बसपा विधायक रामबाई इन दिनों अपने बयानों को लेकर खासी चर्चा में है। उनकी चर्चा इस बात को लेकर भी हो रही है कि वे हत्या के आरोपी अपने पति को विधानसभा भवन लेकर पहुंची।  वे विधानसभा परिसर में पति गोविंद सिंह को साथ लेकर घूमती रहीं। खास बात यह है कि विधानसभा परिसर में ही दोनों ने मीडिया से बात भी की थी।

दमोह जिले में करीब तीन महीने पहले एक हत्याकांड में पुलिस ने उनके पति को आरोपी बनाया है। घटना के बाद से उनके पति पुलिस रिकॉर्ड में फरार थे, इतना ही नहीं उन पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया, लेकिन बाद में पुलिस ने इनाम वापस ले लिया। पति पर मामला दर्ज होने के बाद रामबाई ने कमलनाथ सरकार के खिलाफ बयानबाजी बंद कर दी थी। हत्या के मामले मे फरार विधायक पति को पुलिस नही ढूंढ पा रही है, वहीं विधानसभा में विधायक के साथ वो खुलेआम घूम रहा है, जिसको लेकर सवाल उठ रहे हैं|

सीएम ने कराया बेटे का इलाज

रामबाई के बेटे का दिल्ली में लंबे समय तक इलाज चला। सूत्रों ने बताया कि इलाज का खर्च मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उठाया। जब बेटा स्वस्थ होकर वापस आ गया और पति की गिरफ्तारी से इनाम वापस ले लिया गया है, तब रामबाई ने सरकार को लेकर एक बार फिर बयानवाजी शुरू कर दी है।