बागपत में शाह और बिसाहड़ा में CM योगी मांगेंगे वोट
इलाहबाद
लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अपने प्रत्याशियों के पक्ष में ताबड़तोड़ चुनावी सभाएं कर रही है. इसी क्रम में रविवार को बागपत में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे. वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गाजियाबाद में वीके सिंह के समर्थन में दो चुनावी जनसभाएं करेंगे. मुख्यमंत्री पहले लोनी में रैली को संबोधित करेंगे, फिर वह गाजियाबाद के घंटाघर रामलीला मैदान में वोटरों को रिझाएंगे. इसके तुरंत बाद वह गौतमबुद्धनगर के बिसाहड़ा की जनसभा के लिए रवाना हो जाएंगे.
जानकारी के मुताबिक गांधी स्मारक इंटर कालेज दोघट में दोपहर 12 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बीजेपी प्रत्याशी सत्यपाल सिंह के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे. पुलिस-प्रशासन ने रैली की सभी तैयारी पूरी कर ली हैं. मंच से 30 मीटर दूर हेलीपैड बनाया गया है. इसी कड़ी में सीएम योगी आज दोपहर 12 बजे गाजियाबाद पहुंचेंगे. जहां वीके सिंह के समर्थन में दो चुनावी जनसभाएं करेंगे.
देश भर में चर्चित रहे बिसाहड़ा गांव में आज भारतीय जनता पार्टी सभा कर राजपूतों को साधने का प्रयास करने जा रही है. इसके लिए बीजेपी के फायर ब्रांड नेता और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यहां गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र में पहली सभा को संबोधित करने जा रहे हैं.
बताते चलें कि यूपी में कुल 80 लोकसभा सीटों पर 7 चरणों में चुनाव होंगे. यूपी में पहला चरण 11 अप्रैल, दूसरा चरण 18 अप्रैल, तीसरा चरण 23 अप्रैल, चौथा चरण 29 अप्रैल, पांचवां चरण 6 मई, छठा चरण 12 मई तथा सातवां चरण 19 मई को होगा. वोटों की गिनती 23 मई को होगी.
bhavtarini.com@gmail.com 
