बीजेपी MLA ने धांधली का आरोप लगा मांगे थे कोरोना फंड में दिए 25 लाख, अफसर सस्पेंड
हरदोई
कोरोना संकट के बीच अधिकारियों की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है. उत्तर प्रदेश के हरदोई से भारतीय जनता पार्टी के विधायक श्याम प्रकाश ने बीते दिनों आरोप लगाया कि मेडिकल सामान खरीदने में अधिकारियों द्वारा भ्रष्टाचार किया जा रहा है. इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक अधिकारी को सस्पेंड कर दिया है.
दरअसल, बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश ने दावा किया कि 16 अप्रैल को उन्होंने विधायक निधि के फंड से 25 लाख रुपये की सहायता राशि दी. जिसके बाद उन्होंने स्थानीय स्वास्थ्य मंत्रालय से जानकारी मांगी कि उनके पैसों से किस प्रकार के मेडिकल सामान खरीदे गए.
बीजेपी विधायक ने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन सामान खरीदने में भ्रष्टाचार कर रहा है. इसी मामले के बाद स्थानीय डीएम पुलकित खरे ने बताया है कि जिस मेडिकल अफसर के खिलाफ शिकायत की गई है, उसके खिलाफ जांच की जा रही है. जबकि फार्मासिस्ट जेएन तिवारी को सस्पेंड कर दिया गया है.
बता दें कि बीते दिन ही पत्र लिखने के बाद बीजेपी के विधायक चर्चा में आए थे, जब उन्होंने दावा किया था कि उनके द्वारा दी गई राशि का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा है. ऐसे में प्रशासन उनके द्वारा दिए गए 25 लाख वापस कर दे ताकि वह किसी और काम में उसका इस्तेमाल कर लें.
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है. मंगलवार सुबह तक राज्य में कोरोना वायरस के कुल 1,955 मामले सामने आए हैं, जबकि करीब 31 लोगों की मौत हो चुकी है. राज्य में अबतक 335 लोग इस महामारी को मात देकर ठीक हो चुके हैं.
bhavtarini.com@gmail.com 