बीजेपी की यह पूर्व विधायक थाम सकती हैं 'हाथ'

मुरैना
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव दिनों दिन दिलचस्प होता जा रहा है। टिकट की आस लगाए नेता एक दल से दूसरे दल में शामिल होने लगे है। बीते दो हफ्तों में दर्जनों नेताओं द्वारा दल बदले गए। किसी ने कांग्रेस का हाथ थामा तो कोई भाजपा के साथ हो लिया। वही कईयों ने दूसरी पार्टियों की तरफ रुख किया। आज ही तीन दिग्गज नेता कांग्रेस में शामिल हुए। इस बीच बीजेपी की पूर्व विधायक संध्या राय के कांग्रेस भी शामिल होने की अटकलें तेज हो चली है। खबर है कि वे नामांकन से पहले कांग्रेस में शामिल हो सकती है। दिमनी से 2003 में भाजपा से विधायक रहीं और वर्तमान में राज्य महिला आयोग की सदस्य संध्या राय के कांग्रेस से टिकट मांगने की चर्चाएं जोरो पर चल रही हैं| हालांकि श्रीमती राय ने इस बात से इनकार किया है |
दरअसल, मध्य प्रदेश की दिमनी विधानसभा सीट को पाने के लिए इस बार बीजेपी, बसपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर है। फिलहाल इस सीट पर बसपा का कब्जा है और बलवीर सिंह डंडोतिया यहां से विधायक है। इस बार भी बसपा ने डंडोतिया को मैदान में उतारा है, हालांकि कांग्रेस-भाजपा अभी तक अपने प्रत्याशियों पर विचार नही कर पाई है। कांग्रेस-भाजपा में अबत क टिकट को लेकर घमासान मचा हुआ है। संध्या राय 2003 में दिमनी से भाजपा विधायक रहीं है और वर्तमान में राज्य महिला आयोग की सदस्य है। इन दिनों संध्याराय के कांग्रेस से टिकट मांगने की चर्चाएं जोरों पर हैं।
संध्या राय मुरैना से लेकर प्रदेश तक भाजपा का जाना माना चेहरा हैं। उन्हें भाजपा का कर्मठ कार्यकर्ता माना जाता है, लेकिन बार-बार टिकट वितरण में उनकी उपेक्षा संगठन व सरकार ने की है। खबर है कि क्षेत्र के कद्दावर नेता जो केन्द्र सरकार का प्रतिनिधित्व करते हैं, उनसे राय की नहीं बनती है। इस वजह से हर बार उनका टिकट काटा गया। खबर है किसी के माध्यम से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से उनकी चर्चा चल रही है। यदि अंबाह से कांग्रेस उन्हें टिकट देती है तो वे भाजपा को छोड़ देंगी। इस बार इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है।