भोपाल आरटीओ में जरूरी कामों को लेकर एक बार फिर 31 दिसंबर तक की मोहलत

भोपाल आरटीओ में जरूरी कामों को लेकर एक बार फिर 31 दिसंबर तक की मोहलत

भोपाल
कोरोना संक्रमण के कारण राजधानी सहित प्रदेश के आरटीओ कार्यालयों में बीते कुछ महीनों से काम प्रभावित हो रहे हैं। भोपाल आरटीओ में केंद्र सरकार के निर्देश पर ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट, रजिस्ट्रेशन फिटनेस सहित अन्य जरूरी कामों को लेकर एक बार फिर 31 दिसंबर तक की मोहलत दी गई है।
 
केंद्र सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा जारी इस आदेश से शहर के 32 हजार से अधिक वाहन मालिकों और वाहन संचालकों को राहत मिलेगी। इसमें ऐसे आवेदक और वाहन चालक शामिल है, जिनकी तारीखें या ड्राइविंग लाइसेंस व परमिट की समय-सीमा एक फरवरी से 31 दिसंबर, 2020 तक समाप्त हो रही थी। ऐसे आवेदकों को राहत दी गई है। पहले यह समय सीमा 30 सितंबर तक थी, जिसे और आगे बढ़ाया गया है।

भले ही केंद्र सरकार के निर्देश पर मप्र परिवहन विभाग के आदेश पर राजधानी सहित प्रदेश के सभी आरटीओ में 31 दिसंबर तक मोहलत दी गई है, लेकिन शहर में चल रही वाहन चैकिंग में अफसर इस बात को सुनने को ही तैयार नहीं है। वाहन चैकिंग में ड्राइविंग लाइसेंस की डेट खत्म होने के बाद भी कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में लगातार लोग आरटीओ में शिकायत दर्ज करा रहे हैं।