ममता बनर्जी ने कहा- हर साल 5 लाख लोगों को देंगे रोजगार, TMC का मेनिफेस्टो जारी

ममता बनर्जी ने कहा- हर साल 5 लाख लोगों को देंगे रोजगार, TMC का मेनिफेस्टो जारी

कोलकाता 
ममता बनर्जी को पहले 11 मार्च को पार्टी का मेनिफेस्टो जारी करना था, लेकिन 10 मार्च को नंदीग्राम में चुनाव प्रचार करने के दौरान चोट लगने की वजह से उन्हें यह कार्यक्रम स्थगित करना पड़ गया था। इसके बाद पार्टी ने आज मेनिफेस्टो जारी कर दिया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस का मेनिफेस्टो जारी कर दिया। 

तृणमूल कांग्रेस ने वादा किया राज्य में फिर से उनकी सरकार बनने पर लाखों नौकरियां दी जाएंगी। मेनिफेस्टो जारी करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, ''हम बेरोजगारी कम करेंगे। एक साल में 5 लाख रोजगार के अवसर पैदा करेंगे।'' ममता ने कहा कि जब टीएमसी सत्ता में आई तो हमारा राजस्व लगभग 25,000 करोड़ रुपये था, अब यह 75,000 करोड़ रुपये से अधिक है।

इससे पहले, झारग्राम जिले के गोपीबल्लवपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि पहले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) उन पर शारीरिक हमला किया करती थी और अब बीजेपी भी वही कर रही है। बनर्जी ने एक व्हीलचेयर पर बैठकर चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ''वे (बीजेपी) मुझे घर के अंदर रखना चाहते थे ताकि मैं चुनाव के दौरान बाहर न जा सकूं। उन्होंने मेरा पैर घायल कर दिया।''

बंगाल में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसकी शुरुआत 27 मार्च से हो रही है। अंतिम चरण के मतदान 29 अप्रैल को डाले जाएंगे। बंगाल समेत सभी राज्यों के नतीजों का ऐलान दो मई को होगा। इस बार सभी पांचों राज्यों में ज्यादातर लोगों की नजरें बंगाल विधानसभा चुनाव पर ही हैं। दरअसल, दस साल से सत्ता में काबिज ममता बनर्जी को हटाने के लिए बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक रखी है। बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व लगातार बंगाल का दौरा कर रहा है। उधर, ममता बनर्जी भी फिर से सत्ता में वापस आने का दावा कर रही हैं। बंगाल की नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी मैदान में हैं, जबकि उनके सामने उनके ही पुराने साथी रहे शुभेंदु अधिकारी हैं।