मोदी सरकार 2 के कार्यकाल का एक साल पूरा, जनता के बीच जश्न मनाएगी BJP

मोदी सरकार 2 के कार्यकाल का एक साल पूरा, जनता के बीच जश्न मनाएगी BJP

भोपाल
देश की राजनीति में केंद्र में आसीन पीएम मोदी सरकार 2 के कार्यकाल का एक साल पूरा हो रहा है. ऐसे में बताया जा रहा है कि बीजेपी इस मौके पर जश्न मनाएगी, लेकिन कोरोना संकट और लॉकडाउन के बीच जश्न का तरीका इस बार अलग होगा. वो सरकार की उपलब्धियां लेकर जनता के बीच जाएगी. साथ में उन्हें कोरोना से बचाव के उपाय भी बताएगी.

मोदी सरकार 2 के कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर बीजेपी केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जश्न मनाएगी. बीजेपी ने पूरे देश के साथ मध्यप्रदेश में भी अभियान चलाने का फैसला किया है. इसके तहत बीजेपी एक साल में मोदी सरकार के दौरान लिए गए उन सभी फैसलों का प्रचार करेगी जो उसकी नजर में मील का पत्थर साबित हुए. पार्टी प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा ने मध्यप्रदेश में प्रचार का खाका पेश करते हुए बताया कि बीजेपी प्रदेश में धारा 370 हटाने, तीन तलाक खत्म करने,राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला और नागरिकता संशोधन कानून को लेकर उठाए गए केंद्र सरकार के कदम का जनता के बीच प्रचार करेगी.

बीजेपी ने इस दौरान दुनिया में आई सबसे बड़ी कोरोना आपदा का मुद्दा भी जनता के बीच उठाएगी. इसके तहत केंद्र सरकार की ओर से दिए गए 20 लाख करोड़ रुपए के आर्थिक पैकेज और आत्मनिर्भर भारत अभियान का प्रचार किया जाएगा. देशभर में पार्टी के अलग-अलग मोर्चों की 500 वर्चुअल कॉन्फ्रेंस करायी जाएंगी. इसके साथ ही मध्यप्रदेश में दो वर्चुअल रैलियां भी की जाएंगी.

इन मुद्दों पर फोकस

  •  जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने
  •  तीन तलाक खत्म करने
  •  राम मंदिर ट्रस्ट बनाने
  •  नागरिकता संशोधन कानून का फैसला
  •  कोरोना आपदा रोकने के लिए उठाए गए क़दम
  •  20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज
  •  30 मई से वर्चुअल अभियान
  •  एक घर में सिर्फ 2 लोग संपर्क करने जाएंगे
  •  2 वर्चुअल रैलियां
  •  सभी मोर्चे पर देश भर में 500 वर्चुअल कॉन्फ्रेंस
  •  बूथ लेवल तक आत्म निर्भर भारत अभियान चलाया जाएगा.

मोदी सरकार 2 की एक साल की उपलब्धियों के बहाने बीजेपी उप चुनाव की तैयारी भी कर रही है. पार्टी ने तय किया है कि कोरोना आपदा की वजह से एक घर में प्रचार के लिए सिर्फ दो कार्यकर्ता ही जाएंगे. इस दौरान हैंड सैनिटाइजर, मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का भी पाठ जनता को पढ़ाया जाएगा. पार्टी ऑनलाइन अभियान भी चलाएगी और रैलियां भी वर्चुअल तरीके से की जाएंगी. पार्टी के अलग-अलग मोर्चे 500 वर्चुअल कॉन्फ्रेंस करके जनता को बीजेपी के पक्ष में करने की कोशिश करेंगे. बीजेपी के इस अभियान को उप चुनाव की तैयारी के लिहाज से भी देखा जा रहा है. मध्यप्रदेश में आने वाले दिनों में 24 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है.