युद्धवीर सिंह जूदेव के फेसबुक पोस्ट से मचा राजनीतिक हड़कंप, लिखा- 2 महीने बाद फिर लड़ना है चुनाव

युद्धवीर सिंह जूदेव के फेसबुक पोस्ट से मचा राजनीतिक हड़कंप, लिखा- 2 महीने बाद फिर लड़ना है चुनाव

चंद्रपुर
चंद्रपुर के वर्तमान विधायक युद्धवीर सिंह जूदेव के एक फेसबुक पोस्ट ने सियासी गलियारों में खलबली मचा दिया है। युद्धवीर ने अपने पोस्ट में कार्यकर्ताओं से एक और चुनाव के लिए तैयार होने के लिए कहा है, साथ ही यह भी लिखा है कि पार्टी ने अगर आदेश दिया तो कांग्रेस के भावी विधायक मेरे से लिए सीट छोड़ सकते हैं। उनके इस पोस्ट के बाद सियासी सरगरमी तेज हो गयी है। इस पोस्ट के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। बता दें कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव संपन्न हो गया है। 11 दिसंबर को परिणाम घोषित किया जाना है। ऐसे में जूदेव का यह बयान चर्चा का कारण बन गया है।

आपको बता दें कि चुनाव के समय भाजपा ने जूदेव परिवार के परंपरागत सीट चंद्रपुर से युद्धवीर सिंह जूदेव की पत्नी संयोगिता सिंह जूदेव को टिकट दिया था। इस सीट से युद्धवीर सिंह जूदेव ने भी नामांकन दाखिल कर दिया था। हालांकि बाद में पत्नी ने ही चुनाव लड़ा। इस सीट से कांग्रेस की तरफ से रामकुमार यादव कांग्रेस प्रत्याशी हैं, तो वहीं बसपा से गीतांजलि पटेल चंद्रपुर विधानसभा से चुनावी मैदान में है।