राज कुंद्रा की फिल्मों में काम का बहाना, होती थी अश्लील वीडियो की शूटिंग

राज कुंद्रा की फिल्मों में काम का बहाना, होती थी अश्लील वीडियो की शूटिंग

मुंबई
 बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) के पति और नामी बिजनेसमैन राज कुंद्रा (Raj Kundra) को हाल ही में गिरफ्तार कर लिया गया है. इस खबर के सामने आने के बाद लोग हैरत में हैं और सोशल मीडिया पर उनसे जुड़ी खबरों का अंबार लग गया है.

 बिजनेस मैन राज कुंद्रा को मुंबई क्राइम ब्रांच ने सोमवार की रात को गिरफ्तार कर लिया। पोर्नोग्राफी रैकेट केस में उनका नाम सामने आया है। पुलिस ने राज के साथ कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
मुख्य साजिशकर्ता मालूम पड़ रहे

मुंबई पुलिस ने इसी साल फरवरी में अश्लील फिल्में बनाने और ऐप्स के जरिए उन्हें रिलीज करने का मामला दर्ज किया था। मुंबई क्राइम ब्रांच इस मामले की पिछले कुछ महीनों से जांच कर रही थी। पुलिस के मुताबिक राज कुंद्रा इस केस में मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आ रहे हैं ।
पर्याप्त सबूत हैं- पुलिस

मुंबई पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा कि ‘क्राइम ब्रांच ने फरवरी में अश्लील फिल्में बनाने और कुछ ऐप के जरिए उन्हें प्रकाशित करने का केस दर्ज किया था। जांच के बाद राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया गया है। वह इस केस में मुख्य साजिशकर्ता मालूम पड़ते हैं। हमारे पास पर्याप्त सबूत हैं।‘

पुलिस ने इससे पहले मामले में उमेश कामत नाम के शख्स को गिरफ्तार किया था जिसका कहना था कि वह कुंद्रा की कंपनी के लिए काम करता है। उमेश का नाम मॉडल और अभिनेत्री गहना वशिष्ठ से पूछताछ के दौरान सामने आया था। उसे छह फरवरी को गिरफ्तार किया गया था।

इंग्लैंड स्थित कंपनी को भेजा जाता था वीडियो

उमेश कामत इंग्लैंड स्थित एक कंपनी के लिए कॉर्डिनेटर के रूप में काम करता था। वह गहना वशिष्ठ से अश्लील वीडियो लेता था और उन वीडियो को इंग्लैंड स्थित कंपनी में भेजता था जिसे ‘हॉटशॉट्स’ नाम के ऐप पर अपलोड किया जाता था।
बंगले मे होती थी शूटिंग

4 फरवरी को छापेमारी कर इस रैकेट का भंडाफोड़ किया गया था। मलाड (पश्चिम), मड क्षेत्र के एक बंगले में अश्लील वीडियो बनाया जाता था। मुंबई में हर साल सैकड़ों की संख्या में लड़के-लड़कियां फिल्मों में काम करने का सपना लेकर पहुंचते हैं। वेब सीरीज और शॉर्ट फिल्मों में काम देने के बहाने उनसे इस तरह के वीडियो बनाए जाते थे। इन अश्लील वीडियो को कई मोबाइल एप्स और पॉर्न वेबसाइट पर अपलोड किया जाता था।