योगी बोले- विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहा उत्तर प्रदेश
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी आर्थिक शक्ति को मजबूत किया है। आज भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अग्रणी है। देश आत्मनिर्भरता, नवाचार और विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ नए भारत में लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी बात रखते हुए कहा कि नए भारत में नीति निर्माण के केंद्र में आम जनता है। गरीब कल्याण शासन की प्राथमिकता है, जबकि अंत्योदय आत्मनिर्भरता का आधार है। जनभागीदारी विकास को जन आंदोलन का रूप दे रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, नारी सशक्तीकरण, डिजिटल नवाचार और आर्थिक समृद्धि के क्षेत्र में नई संभावनाएं साकार हो रही हैं। विकास की यह यात्रा लोगों की आकांक्षाओं को अवसरों में बदल रही है।
राजनीतिक ताकतों पर साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब दुनिया के कई हिस्से हिंसा और अस्थिरता से जूझ रहे हैं, तब भारत लोकतांत्रिक स्थिरता, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक चेतना के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक ताकतें सत्ता के स्वार्थ में देश को अस्थिरता, अराजकता और अलगाववाद की ओर धकेलने का प्रयास कर रही हैं। उनके मुताबिक, ये ताकतें राष्ट्रीय हितों को नजरअंदाज कर वैश्विक मंचों पर भारत की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रही हैं।
विकसित भारत के निर्माण में यूपी की भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनौतियों के बावजूद भारत विकास के लक्ष्य की ओर दृढ़ संकल्प के साथ बढ़ रहा है। इस यात्रा में उत्तर प्रदेश अपनी कृषि क्षमता, बढ़ते औद्योगिक आधार, आधुनिक बुनियादी ढांचे और युवा शक्ति के दम पर महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। कृषि से विनिर्माण और निवेश से रोजगार सृजन तक प्रदेश विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति को गति दे रहा है।
राष्ट्रहित सर्वोपरि, विकास की गति रहेगी जारी
योगी आदित्यनाथ ने डबल इंजन सरकार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि रखना, राष्ट्रीय एकता को अक्षुण्ण बनाए रखना और विकास की गति को निरंतर जारी रखना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ भारत की प्रगति का यह अभियान लगातार आगे बढ़ता रहेगा।
bhavtarini.com@gmail.com

