रायपुर : देह व्यापार रैकेट पकड़ाया, ब्लैकमेलिंग करने पहुंचे नकली CID अधिकारी भी धराए

रायपुर
 रायपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देह व्यापार का बड़ा रैकेट पकड़ा है। पुलिस ने जब छापा मारा तो अड्डे पर फर्जी CID अधिकारी बनकर ब्लैकमेल करने पहुंचे एक युवती सहित 4 लोगों को भी पकड़ा। देह व्यापार के मामले में पुलिस ने 6 युवतियों और 3 युवकों को पकड़ा।

जानकारी के मुताबिक रायपुर के टिकरापारा इलाके में देह व्यापार की जानकारी पुलिस को मिली थी। इस सूचना को तस्दीक करने के बाद पुलिस ने यहां छापा मारा। छापे के लिए पहुंचे पुलिसकर्मी उस वक्त हैरान रह गए, जब रैकेट संचालकों से ब्लैकमेलिंग करते फर्जी CID अधिकारियों को देखा।

आपको बता दें कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक घर में देह व्यापार संचालित हो रहा है। इस पर पुलिस की टीम लेकर सीएसपी पुरानी बस्ती ने मकान पर छापा मारा। पुलिस को छापे के दौरान 6 युवतियों और 3 युवकों को हिरासत में लिया। इसके अलावा फर्जी CID अधिकारी बने 3 युवकों और एक युवती को भी हिरासत में लिया। ये चारों पुलिस और CID की धौंस दिखाकर 10 लाख रुपयों की मांग कर रहे थे, जबकि 8 लाख देने पर सौदा तय हुआ था।

टिकरापारा पुलिस के मुताबिक देह व्यापार में शामिल युवतियों में कुछ युवतियां कोलकाता और दूसरे राज्यों से है, जबकि कुछ लड़कियां छत्तीसगढ़ की है। माना जा रहा है कि इस रैकेट के तार राजधानी के कई सफेदपोश लोगों के साथ जुड़े हैं। ये लड़कियां मोटी रकम लेकर प्रदेश के बाहर भी जाती थी। पुलिस सभी लड़कियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले में बड़ा खुलासा हो सकता है।

मामले में क्राइम ब्रांच डीएसपी अभिषेक महेश्वरी ने बताया कि पॉइंटर की सूचना पर क्राइम ब्रांच और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ये छापा मारा।