वादा निभाओ रैली निकालेंगे 108 के कर्मचारी, राज्य सरकार पर लगाया ये आरोप

वादा निभाओ रैली निकालेंगे 108 के कर्मचारी, राज्य सरकार पर लगाया ये आरोप

रायपुर
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के राज्य सरकार के खिलाफ कर्मचारी एकजुट हो रहे है. मिली जानकारी के मुताबिक 108 और 102 के कर्मचारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाकर आंदोलन करने वाले हैं. कर्मचारियों का कहना है कि पिछले साल अपनी मांगों को लेकर 46 दिनों तक आंदोलन किया गया था. प्रमुख मांगों में ठेका प्रथा बंद करने, 8 घंटे का काम और वेतन बढ़ोत्तरी की मांग थी.

विपक्ष में रहते कांग्रेस की ओर से भूपेश बघेल ने वादा किया था कि सरकार में आते ही उनके नियमितिकरण किया जाएगा. किसी भी तरह से प्लेसमेंट एजेंसी के बजाय उनको नियमित किया जाएगा. लेकिन सरकार बनने के 7 महीने बाद भी वादा पूरा नहीं होने से नाराज ये कर्मचारी अब आंदोलन की बात कर रहे है. कर्मचारियों का कहना है कि अपनी मांगों को लेकर 23 जुलाई को वादा निभाओ रैली निकाली जाएगी और सरकार को अपना वादा याद दिलाया जाएगा.

भाजपा भी इनकी मांगों का समर्थन कर रही है और सरकार से अपना वादा पूरा करने की मांग कर रही है. भाजपा प्रवक्ता सच्चिदानंद उपासने का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के दौरान जब कर्मचारियों ने आंदोलन किया था, उस दौरान हमारी सरकार ने उनकी कुछ मांगों को मान लिया था और हड़ताल समाप्त करा दिया था. उसी दौरान भूपेश बघेल भी उनके बीच गए थे और कहा था कि सरकार बनने के बाद उनकी सभी मांगों को पूरा किया जाएगा. अब जब उनकी मांग कांग्रेस सरकार पूरी नहीं कर रही है इसलिए वे सड़कों पर आकर आंदोलन करने जा रहे है.

वहीं इस पूरे मामले में कांग्रेस ने भाजपा को ही आड़े हाथों लिया है. कांग्रेस प्रवक्ता विकास तिवारी का कहना है कि रमन सरकार की नियम में ही खोट थी. इसलिए कर्मचारियों को भुगतान नहीं किया जाता था. लेकिन अब कांग्रेस की सरकार है. सीएम भूरेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव इस मुद्दे पर बहुत संजीदा हैं. हमारी सरकार द्वारा कर्मचारियों को समय पर भुगतान किया जाएगा. कांग्रेस कर्मचारियों के साथ अन्याय नहीं करेगी.