शिकंजे में अनंत: अनंत सिंह-लल्लू को आमने-सामने बैठाकर की पूछताछ
पटना
मोकामा विधायक अनंत सिंह की रिमांड के 24 घंटे से अधिक होने के बाद पुलिस ने उनसे पूछताछ तेज कर दी है। सूत्रों की मानें तो राविवार को अनंत सिंह और उनके खासमखास लल्लू मुखिया को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई।
बाढ़ के नदवां स्थित विधायक के पैतृक घर से बरामद एके 47 और दो हैंड ग्रेनेड के मामले में लल्लू मुखिया से भी सवाल दागे गए। इस बीच शाम पांच बजे विधायक के वकील उनके पास पहुंचे और हालचाल लिया। रिमांड के दौरान एक घंटे तक विधायक को उनके वकील से मिलने की इजाजत है। शाम सात बजे के बाद उनसे दोबारा पूछताछ शुरू की गई। पहली बार किसी मामले में रिमांड पर आए अनंत सिंह से गहन पूछताछ हो रही है। इससे पहले उन्हें पुलिस का सामना इस तरीके से नहीं करना पड़ा था। लिहाजा विधायक के चेहरे पर परेशानी साफतौर से देखी जा रही थी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने विधायक के स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखा। वहीं, देर रात एसएसपी गरिमा मलिक भी गर्दनीबाग महिला थाने में पूछताछ करने पहुंचीं।
लल्लू ने दी अहम जानकारी
लंबे समय बाद विधायक अनंत सिंह को सामने देख लल्लू ने सिर झुका लिया। वह पुलिस के सवालों से बचने की कोशिश में था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने लल्लू से कई राज उगलवा लिए। हालांकि गोपनीयता के मद्देनजर फिलहाल उन चीजों को सार्वजनिक नहीं किया गया है। सूत्रों की मानें तो लल्लू ने कुछ अहम जानकारियां पुलिस को दी हैं। उसकी निशानदेही पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
विधायक से पूछे गये कुछ सवाल
पुलिस का सवाल : एके 47 आपके घर में मिली। आखिर उसे वहां तक किसने पहुंचाया? कहां से लाया गया था हथियार? आप बताइये और जांच में पुलिस की मदद कीजिये।
विधायक का जवाब : नहीं पता एके 47 राइफल कहां से आयी। हम अपने पैतृक घर नहीं जाते हैं।
पुलिस का सवाल : ऐसा कैसे हो सकता है कि आपकी मर्जी के बिना कोई आपके घर चला जाये। एके 47 हथियार मुंगेर से मंगायी गई थी या कहीं और से?
विधायक का जवाब : नहीं जानकारी है। हमको इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।
पुलिस का सवाल : और ग्रेनेड कहां से आया? ये हथियार प्रतिबंधित हैं।
विधायक का जवाब : हमको दोनों के बारे में नहीं पता।
पुलिस का सवाल : किस हथियार तस्कर ने एके 47 लाकर दी थी।
विधायक का जवाब : हमको कुछ भी मालूम ही नहीं है।
पुलिस का सवाल : भोला सिंह की हत्या की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
विधायक का जवाब : हम ऐसा कुछ नहीं जानते।
लल्लू मुखिया से पूछताछ
सवाल नंबर एक : तुम्हें पता है कि एके 47 कब से नदवां में रखी थी?
सवाल नंबर दो: फरारी के दौरान किन लोगों ने मदद की ?
सवाल नंबर तीन: भोला की हत्या की साजिश में और कौन-कौन शामिल थे, लाइनर का काम कौन कर रहा था?
सवाल नंबर चार : रात के वक्त तुम्हारे भाई को पुलिस गिरफ्त से छुड़ाने की साजिश किसने रची थी?