संगीन वारदातों में शामिल 8 नक्सली सुकमा से गिरफ्तार

संगीन वारदातों में शामिल 8 नक्सली सुकमा से गिरफ्तार

रायपुर
छत्तीसगढ़ की सुकमा से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां पुलिस ने 8 नक्सलियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है. गिरफ्तार नक्सलियों में 2 को पुलिस ने स्थायी वारंटी बताया है. पुलिस ने इन गिरफ्तार नक्सलियों पर कई संगीन वारदातों में शामिल होने का आरोप लगाया है. फिलहाल सभी को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायालय में पेश कर दिया है जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है. एसपी शलभ सिंह ने नक्सलियों के गिरफ्तारी की पुष्टि की है.

पुलिस ने नक्सलियों की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए एक विज्ञप्ति भी जारी की है. पुलिस ने गिरफ्तार नक्सलियों का नाम मुचाकी हुंगा, हेमला पोज्जा, हेमला रामा, हेमला हिड़मा, उईका धुरवा और उईका जोगा बताया है. जगरगुण्डा इलाके से नक्सलियों के गिरफ्तारी की बात पुलिस ने कही है. पुलिस ने गिरफ्तार नक्सलियों पर ग्रामीण की हत्या करने और पुलिस पर हमला करने जैसे मामलों में शामिल होने का आरोप लगाया है. पुलिस के मुताबिक इन नक्सलियों की काफी समय से तलाश चल रही थी.