समस्तीपुर के खानपुर में अतिक्रमण हटाने गयी पुलिस पर हमला
समस्तीपुर
खानपुर थाने की श्रीपुरगाहर पश्चिमी पंचायत के कामोपुर गुदार घाट गांव में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने गई प्रशासनिक टीम पर अतिक्रमणकारियों ने हमला कर दिया। इसमें कुछ पुलिस कर्मियों के साथ ही एक इलेक्ट्रॉनिक चैनल का पत्रकार चोटिल हो गया। हमले की जानकारी मिलने के बाद विभिन्न थानों की पुलिस गुदारघाट पहुंच गयी, जिससे पूरा इलाका पुलिस छावनी के रूप में बदल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, उच्च न्यायालय के आदेश पर खानपुर सीओ रंजन कुमार दिवाकर के नेतृत्व में खानपुर थाने के पुलिस सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने पहुंची थी। इसके लिए प्रशासन ने एक दिन पूर्व ही नोटिस जारी की थी। बताया गया है कि अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस को आते देख सभी अतिक्रमणकारियों ने एकजुट होकर हमला कर दिया। सभी ने पुलिस पर ईंट रोड़ा से हमला कर दिया। पहले तो पुलिस ने भी सख्ती दिखाने की कोशिश की, लेकिन अतिक्रमणकारी उन पर भारी पड़े। इससे पुलिस को पीछे हटना पड़ा।
बताया गया है कि अतिक्रमणकारियों के हमले में कुछ पुलिस कर्मियों को चोटें आयी। बाद में सूचना मिलने पर अन्य थानों की पुलिस भी पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस संबंध में सदर डीएसपी प्रीतिश कुमार ने बताया कि हमले में कोई पुलिस कर्मी जख्मी नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच करने के साथ ही हमलावरों की पहचान में जुट गयी है। सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दायर की थी याचिका
बताया गया है कि गुदारघाट के ही नवलकिशोर राय ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण मामले में पटना उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी, जिसकी सुनवाई के बाद कोर्ट ने अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी किया था। उक्त जमीन जिला परिषद की बतायी जा रही है।
bhavtarini.com@gmail.com 
