सोना दो दिन में 750 रुपए महंगा होकर 36,500 रु. के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा
रायपुर
सोने-चांदी के भाव में तेजी का रुख लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को सोने के भाव ने फिर एक नया रिकॉर्ड बनाया। स्थानीय सराफा बाजार में सोना स्टैंडर्ड 500 रुपए की बढ़त के साथ 36,500 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। दो दिन में सोना 750 रुपए महंगा हुआ है। सोने की तरह चांदी भी 600 रुपए उछलकर 40,600 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी। इस तेजी के साथ चांदी इस साल के जनवरी-फरवरी के भाव पर लौट आई है।
रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरख मालू के अनुसार अमेरिकी और चीन के बीच जारी व्यापार युद्ध सहित कई अंतरराष्ट्रीय कारणों से जून के पहले सप्ताह से ही सोने-चांदी के भाव में तेजी का रुख है। आगे भी तेजी को देखते हुए निवेशकों ने अपना रुख सोने-चांदी की तरफ किया है। आम बजट में सोने पर आयात शुल्क 10 से बढ़ाकर 12.5 फीसदी कर दिया गया है। जिसके कारण भी सोने के भाव में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। इस साल सोना अब तक कुल 3,900 रुपए तक महंगा हुअा है।
bhavtarini.com@gmail.com 