हरदा नपाध्यक्ष ने जूते पहने हुए किया गुरुजनों का सम्मान !

मुकेश पांडेय, हरदा

अक्सर मीडिया को नकारात्मक खबरें दिखाने को लेकर बहुत सी बातें कही जाती है। वैसे मीडिया की नकारात्मक खबरों के पीछे व्यवस्था में सुधार होने और की गई भूलों को सुधारने/ न दोहराने जैसी भावना अंतर्निहित होती है। अब यदि भूल करने वाला इसे सहज स्वीकार कर लेता है तो खबर का मक़सद पूरा हो जाता है। एक ऐसा ही वाकया सामने आया है। 

क्या हुआ कार्यक्रम में -

शिक्षक दिवस पर हरदा में , हमकदम ग्रुप द्वारा गुरुजनों के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में मंच पर गुरुजनों का सम्मान करते समय भाजपा के पूर्व राजस्व मंत्री कमल पटेल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान जूते पहने हुए नपाध्यक्ष ने गुरुजनों का सम्मान किया। इसी कार्यक्रम में  प्रोफेसर जैन द्वारा गुरु की महत्ता पर गंभीर उद्बोधन भी दिया गया था।

कतार में खड़े गुरुजन -

कार्यक्रम में गुरुजनों को मंच पर कतारबद्ध सम्मान हेतु प्रतीक्षारत देखकर भी प्रबुद्धजनों ने इसे त्रुटिपूर्ण बताया। ऐसे गरिमामय कार्यक्रम में छोटी छोटी बातों को नजरअंदाज करने को लेकर भी खासी चर्चा रही। 

स्वीकारी भूल -  
मोबाइल पर बातचीत में सुरेंद्र जैन ने अपनी भूल को स्वीकारते हुए खेद व्यक्त किया।  उन्होंने भविष्य में त्रुटियों का ध्यान रखने की बात कही।