इलाहाबाद हाईकोर्ट परिसर में अब 3997 वाहनों की मल्टीलेवल पार्किंग होगी
लखनऊ
इलाहाबाद हाईकोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं के अब 1436 चैंबर्स के बजाए 2502 चैंबर्स बनेंगे। इसी तरह वाहन पार्किंग क्षमता अब 2571 के बजाए अब 3997 होगी। इसके अलावा निर्माण लागत बढ़ने के कारण पूरी परियोजना अब 640 करोड़ रुपये से ज्यादा की हो गई है। गुरुवार को अब मल्टीलेवल पार्किंग एवं एडवोकेट चैम्बर्स के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में न्याय विभाग के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इसके तहत परियोजना की द्वितीय पुनरीक्षित लागत 640.37 करोड़ रुपये स्वीकृति प्रदान कर दी है। कैबिनेट ने इस परियोजना में किसी प्रकार के बदलाव के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत कर दिया है।
मल्टीलेवल पार्किंग एवं एडवोकेट चैम्बर्स के निर्माण कार्य की लागत 50 करोड़ रुपये से अधिक होने के कारण लोक निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। इस प्रोजेक्ट के लिए 150 करोड़ रुपये पहले ही जारी हो चुके हैं। प्रायोजना का कार्य ईपीसी मोड पर कराया जाना है। इस परियोजना के पूरा होने से उच्च न्यायालय इलाहाबाद परिसर के साथ साथ पूरे प्रयागराज में यातायात में सुधार होगा।
bhavtarini.com@gmail.com 
