कई कांडों का खुलासा, हथियारों के जखीरे के साथ 10 अपराधी गिरफ्तार
भोजपुर
भोजपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिले में पिछले दिनों हुए संगीन आपराधिक वारदातों में शामिल दो महिला समेत 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से हथियार और गोलियों का जखीरा भी बरामद किया है.
गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने 11 पिस्टल, 2 अर्धनिर्मित पिस्टल, 4 देशी कट्टा, 1 दो नाली बंदूक, 364 जिन्दा कारतूस, 10 मैंगजीन, 2 बाइक और 15 हजार रुपये नगद बरामद किये हैं. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अपराधियों ने जिले में पिछले दिनों हुए कई सनसनीखेज वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकारी है.
इस बात की जानकारी देते हुए भोजपुर एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि 4 मई को आरा रेलवे स्टेशन परिसर में हुए दोहरे हत्याकांड, 24 जुलाई को आरा के नवादा थाना के अनाईठ में हुए आभूषण व्यवसायी हत्याकांड और 13 अगस्त को जगदीशपुर में हुए सीएसपी संचालक से लूट के बाद उसकी हत्या गिरफ्तार अपराधियों ने ही कि थी. भोजपुर और बक्सर से गिरफ्तार ये अपराधी हथियार तस्करी का भी कारोबार किया करते थे.
भोजपुर एसपी के मुताबिक जिले में कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुके इन अपराधियों की गिरफ्तारी से कई मामलों का खुलासा हुआ है जिसमें आरा रेलवे स्टेशन परिसर में हुआ दोहरा हत्याकांड और आभूषण कारोबारी हत्याकांड प्रमुख है. एसपी के मुताबिक आभूषण कारोबारी की भी हत्या लूट की नियत से की गई थी जिसमें आरा और जिले के बिहियां के अपराधी शामिल थे. फिलहाल इन गिरफ्तारियों से भोजपुर पुलिस ने राहत की सांस ली है.
bhavtarini.com@gmail.com 