कश्मीर के 365 स्टूडेंट्स 18 बसों से वापस घर रवाना

भोपाल
लॉकडाउन के कारण प्रदेश के विभिन्न संस्थानों में फंसे 365 से अधिक कश्मीरी स्टूडेंट्स को शनिवार दोपहर को भोपाल से वातानुकूलित बसों द्वारा वापस कश्मीर रवाना किया गया। जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न शहरों में फंसे 365 कश्मीरी स्टूडेंट्स को राजधानी से शनिवार दोपहर बाद 18 एसी बसों से रवाना किया गया।

उन्होंने बताया कि इन स्टूडेंट्स को अलग-अलग स्थानों से शुक्रवार को ही बुलाकर भोपाल के बाहरी इलाके गांधीनगर में स्थित एक प्रायवेट स्कूल में ठहराया गया था। यहां कलेक्टर तरुण पिथोड़े और अन्य अधिकारियों ने शुक्रवार रात को इस स्कूल का दौरा कर स्टूडेंट्स के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सूत्रों ने बताया कि कश्मीरी स्टूडेंट्स का एक समूह इन्दौर से भी रवाना होगा। गौरतलब है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने हाल ही में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर प्रदेश में फंसे लगभग 400 कश्मीरी छात्रों को उनके घर भेजने के लिए जरूरी व्यवस्था करने का आग्रह किया था।