कोंग्रेसी देंगे 83 वादों की सूची, मांगेंगे शिवराज से सन्यास

कोंग्रेसी देंगे 83 वादों की सूची, मांगेंगे शिवराज से सन्यास

भोपाल 
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को राजनीति से सन्यास लेने की चुनौती देने आज कांग्रेस नेता उन्हें अपनी सरकार में पूरे किए गए 83 वादों की सूची सौंपेगी। इससे पहले कांग्रेस ने उन्हें 21 लाख किसानों की कर्ज माफी के दस्तावेज सौंपे थे। दोपहर में कांग्रेस के कई नेता शिवराज सिंह चौहान के सरकारी आवास पर पहुंचेंगे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने यह दावा किया था कि लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले उनकी सरकार ने 75 दिनों में 83 वादे पूरे किए हैं। कमलनाथ के इस दावे को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को चुनौती देते हुए इंदौर की चुनावी सभा में कहा था कि यदि कांग्रेस ने 83 वादे पूरे किए होंगे तो वे राजनीति से सन्यास ले लेंगे। 

पीसीसी चीफ के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने बताया कि आज दोपहर में शिवराज सिंह चौहान के निवास पर जाकर उन्हें कांग्रेस सरकार द्वारा पूरे किए गए 83 वादों की सूची सप्रमाण सौंपी जाएगी। इसके साथ ही उनसे मांग की जाएगी कि वे अब अपनी घोषणा पर कायम रहे और राजनीति से सन्यास लें। सूलूजा ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान अब अपना इस्तीफा तैयार रखे। यह कमलनाथ की सरकार है जो कहती है वह करती है। हमने 83 वादे पूरे किए हैं। इसके प्रमाण हम देंगे, अब शिवराज सिंह चौहान को भी अपनी बात पर कायम रहते हुए इस्तीफा तैयार रखना चाहिए।