खरीफ विपणन वर्ष 2018-19 : धान/मक्का विक्रय हेतु कृषकों का पंजीयन 31 अक्टूबर तक
कोण्डागांव
कार्यालय कलेक्टर (खाद्य शाखा) द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2018-19 में समर्थन मुल्य पर धान/मक्का विक्रय हेतु कृषकों के पंजीयन के संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किये गये है। इसके अनुसार जिले में सभी पटवारी कृषकों द्वारा बुआई की गई फसल उसकी किस्में एवं उसके उपज का सही आंकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
धान की खरीदी वास्तविक और पात्र किसानों से ही की जाएगी। किसानों द्वारा वास्तव में बोया गया धान का रकबा इसका आधार होगा। धान पंजीयन की प्रक्रिया इस महीने की 16 अगस्त तारीख से शुरू होगी, जो 31 अक्टूबर 2018 तक चलेगी। इसके अलावा पिछले साल पंजीकृत किसानों को दोबारा पंजीयन कराने की आवश्यकता नहीं होगी। गत् खरीफ वर्ष 2017-18 में जिन किसानों ने पंजीयन नहीं कराया था। किन्तु इस वर्ष जो धान विक्रय करने के लिए इच्छुक है ऐसे नये किसानों का पंजीयन संबंधित तहसीलदार द्वारा किया जाएगा। गाईड लाईन में यह भी कहा गया है कि प्रदेश के उद्यानिकी तथा धान से पृथक अन्य फसलों के रकबो को किसी भी परिस्थिति में धान के रकबे के रुप में पंजीयन नहीं किया जायेगा। जिला कलेक्टरों को यह भी सुनिश्चित करना है कि अन्य फसलों के रकबे का धान विक्रय हेतु पंजीयन न हो इससे अवैध धान के विक्रय की गुंजाईश नहीं रहेगी।
ज्ञात हो कि जिले में धान की खरीदी के लिए 24 सहकारी समिति समेत 43 धान खरीदी केन्द्र इस साल भी बनाए जाएंगे। इस वर्ष किसानों से समर्थन मूल्य पर पतला धान 1770 रूपए में व 1750 रूपए में मोटा धान की खरीदी की जानी है। इसके अलावा मक्का का समर्थन मूल्य 1700 रुपये निर्धारित है। धान का संग्रहण नया और पुराने बारदाना में मोटा, पतला और सरना धान की किस्म के आधार पर लॉट बनाकर किया जाएगा। किसानों को उनके द्वारा बेचे गए धान की राशि का भुगतान उनके खाते में किया जाएगा। कलेक्टर ने समितियों को यह भी निर्देशित किया है कि धान खरीदी केन्द्रों में वर्ष 2017-18 में पंजीकृत किसानों की संख्या, पंजीकृत रकबा का सत्यापन हेतु पटवारी को तत्काल सूची उपलब्ध कराए। पटवारी द्वारा सत्यापन के बाद ही इस वर्ष किसानों से धान की खरीदी की जाएगी। इसके लिए समितियों को सुचारू रूप से तैयारियां सुनिश्चित कर लेने कहा गया है।
bhavtarini.com@gmail.com 