गर्भवती महिलाएं दिन में आधा कप कॉफी भी पीती हैं तो बच्चे का आकार छोटा हो सकता है
प्रेग्नेंसी के दौरान एक दिन में आधा कप कॉफी भी पीती हैं तो बच्चा आकार में छोटा पैदा हो सकता है। यह दावा अमेरिकी वैज्ञानिकों ने अपनी हालिया रिसर्च में किया है। रिसर्च के मुताबिक, जन्म के समय बच्चा छोटा होता है तो भविष्य में मोटापा, हार्ट डिजीज और डायबिटीज का खतरा भी रहता है।
शोधकर्ताओं ने 2,000 से अधिक अलग-अलग देशों की महिलाओं को रिसर्च में शामिल किया। 12 अलग-अलग जगहों पर ये रिसर्च हुई। रिसर्च में शामिल होने के लिए 8 से 13 हफ्ते की प्रेग्नेंट महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था। ये सभी महिलाएं नॉन-स्मोकर्स थीं और प्रेग्नेंसी से पहले किसी भी रोग से परेशान नहीं थीं।
शोधकर्ताओं का कहना है, कैफीन के असर के कारण गर्भाशय और गर्भनाल सिकुड़ती है। इससे कोख में पल रहे बच्चे तक ब्लड की सप्लाई घट सकती है। नतीजा, इसका असर उसकी ग्रोथ पर पड़ सकता है।
इतना ही नहीं, इससे उसमें हार्मोनल गड़बड़ी का खतरा भी रहता है और उस बच्चे को भविष्य में मोटापे का सामना भी करना पड़ सकता है।
शोधकर्ताओं ने सलाह दी है कि गर्भवती महिलाएं प्रेग्नेंसी के दौरान कैफीन वाली चीजें जैसे चाय-कॉफी और एनर्जी ड्रिंक्स लेने से बचें। वहीं, हेल्थ एजेंसी NHS का कहना है, गर्भवती महिलाओं को 200ml से अधिक कैफीन नहीं लेनी चाहिए।
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ चाइल्ड हेल्थ एंड डेवलपमेंट की शोधकर्ता कैथरीन ग्रेंट्ज कहती हैं, प्रेग्नेंसी के दौरान कैफीन वाले पेय पदार्थों को कम करने की जरूरत है। गर्भवती हैं तो डॉक्टर से जरूर पूछें कि कैफीन कितनी लेना चाहिए।
bhavtarini.com@gmail.com 