दिल्ली के एम्स में भर्ती सतना दुष्कर्म पीड़ित बच्ची की हालत में सुधार

सतना
दिल्ली के एम्स में इलाजरत दुष्कर्म पीड़ित मासूम की हालत में सुधार है। उसे आईसोलेशन वार्ड से प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। गुरुवार को मासूम ने अपनी मां से कहा कि उसे भूख लगी है। इसके बाद डॉक्टर की सलाह पर बच्ची को बिस्किट और दूध दिया गया। बच्ची ने हंसकर अपने माता-पिता से बात की।

संभावना है कि 3-4 दिन में मासूम को छुट्टी दे दी जाएगी। बच्ची के स्वास्थ्य के बारे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत सतना जिले के अधिकारी व डॉक्टर लगातार जानकारी ले रहे हैं। इलाज के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

आरोपित के परिजन ने छोड़ा गांव

दुष्कर्म का आरोपित महेंद्र सिंह गौड़ जेल में है। उसके घर पर ताला लगा है। आरोपित के परिजन और रिश्तेदार गांव छोड़कर कहीं चले गए हैं। उन्हें डर है कि कहीं ग्रामीण उन्हें चोट न पहुंचा दें या पुलिस उन्हें पकड़ न ले।

मालूम हो, चार दिन पहले उचेहरा थाने के गांव का महेंद्र आंगन में सो रही 4 साल की मासूम को उठाकर ले गया था और दुष्कर्म के बाद खेत में फेंककर भाग गया था। उचेहरा पुलिस के मुताबिक पीड़िता का बयान महत्वपूर्ण है। उसके दिल्ली से लौटने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद बयान लिए जाएंगे। दिल्ली से लौटने के बाद पीड़ित परिवार का बयान लिया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि पीड़िता बयान देने की स्थिति में नहीं होती है तो उसके माता-पिता के बयान महत्वपूर्ण माने जाते हैं। उधर, मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सक्रिय हुए जिला व पुलिस प्रशासन के लिए 7 दिन में न्यायालय में चालान पेश करने का काम चुनौती बना हुआ है। मामले में डीएनए रिपोर्ट सागर से सतना नहीं पहुंची है।

इनका कहना है

बच्ची अब पूरी तरह से स्वस्थ है। हम लोग एम्स के डॉक्टरों से लगातार संपर्क में हैं। उम्मीद है बच्ची को जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।

मुकेश शुक्ला, कलेक्टर, सतना