बिजली के गुल होने पर CM भूपेश बोले, भाजपा के घुसे लोग कर रहे गड़बड़ी

बिजली के गुल होने पर CM भूपेश बोले, भाजपा के घुसे लोग कर रहे गड़बड़ी

रायपुर
 प्रदेश में बिजली की कटौती और गुल होने को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा के घुसे हुए लोग गड़बड़ी कर रहे हैं। व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार प्रशासनिक कसावट ला रही है, तब भी भाजपा के लोगों को तकलीफ हो रही है। प्रदेश और जनता के हित में व्यवस्था में सुधार होना चाहिए। सुधार के लिए कसावट जरूरी है, जिसका भाजपा को स्वागत करना चाहिए। बघेल ने भाजपा पर यह कहकर भी हमला किया कि विपक्ष सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार में लगा हुआ है। उन्हें सरकार के हर काम से तकलीफ हो रही है, इसलिए जनता को भ्रमित किया जा रहा है।

राजीव स्मृति वन में बुधवार को मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में अब भी बिजली सरप्लस है। उत्पादन में कोई कमी नहीं आई है। पिछली सरकार में बिजली का जितना उत्पादन होता था, उतना अब भी हो रहा है। उत्पादन प्रभावित नहीं है, लेकिन विद्युत कंपनियों में घुसे भाजपा के लोग बिजली आपूर्ति को प्रभावित करने में लगे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकारी योजनाओं को बंद करने का आरोप सरकार पर लगा रही है। यह सरासर गलत है। कन्या विवाह योजना में तो सरकार ने बजट की राशि बढ़ाई है। 15 हजार को बढ़ाकर 25 हजार किया गया है।

बघेल ने कहा कि दरअसल, भाजपा सरकार और उनके कार्यकाल में हर विभाग एक ही काम को बार-बार गिनाते थे। एक ही काम में अलग-अलग विभाग कमीशनखोरी करते थे। यह आरोप नहीं है, बल्कि हकीकत है। कांग्रेस सरकार कमीशनखोरी को बंद करके व्यवस्था को सुधारने में लगी है।