बीच कार्यकाल में पहले भी दो बार इस्तीफा दे चुके हैं KCR, TDP से अलग होकर बनाया था TRS
नई दिल्ली
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) ने आज विधानसभा भंग करने की सिफारिश कर सीएम पद से इस्तीफा दे दिया. राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा. जिसे स्वीकार करते हुए राज्यपाल ने कार्यवाहक सीएम बना दिया. जबकि 8 महीने का कार्यकाल बचा हुआ था. बावजूद इसके उन्होंने समय से पूर्व चुनाव कराने का दांव चला है. तेलंगाना राज्य के गठन का श्रेय चंद्रशेखर राव को जाता है. 9 साल के संघर्ष के बाद 2014 में आंध्र प्रदेश से अलग तेलंगाना राज्य बना. बता दें कि तेलंगाना राज्य के लिए केसीआर ने टीडीपी से नाता तोड़कर तेलंगाना राष्ट्र समिति बनाई और अलग राज्य की मांग को लेकर आंदोलन किया.
चंद्रशेखर राव का जन्म 17 फरवरी 1954 को मेदक जिले के चिंतामदका ग्राम में हुआ. शुरुआती शिक्षा के बाद उन्होंने हैदराबाद के उस्मानिया विश्वविद्यालय से साहित्य में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की. 1970 में चंद्रशेखर ने अपने कॉलेज व विश्वविद्यालय की पढ़ाई के दौरान ही सियासत में कदम रखा. राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने से पहले केसीआर एक रोजगार सलाहकार थे और मजदूरों को खाड़ी देशों में रोजगार के लिए भेजने का काम करते थे. केसीआर ने अपना राजनीतिक सफर तेलुगुदेशम पार्टी से किया. 1985 में तेलुगुदेशम पार्टी से विधायक चुने गए. 1987-88 तक वे आंध्रप्रदेश में राज्यमंत्री रहे. 1992-93 तक वे लोक उपक्रम समिति के अध्यक्ष रहे.
आंध्रप्रदेश के करीमनगर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे. केसीआर 1997-99 तक वे केंद्रीय मंत्री रहे. 1999 से 2001 तक वे आंध्रप्रदेश विधानसभा में उपाध्यक्ष पद का जिम्मा संभाला. तेलंगाना राष्ट्र समिति के गठन से पहले वे तेलुगुदेशम पार्टी के सदस्य थे. उन्होंने अलग तेलंगाना राज्य के निर्माण की मांग करते हुए तेलुगुदेशम पार्टी छोड़ी. तेलंगाना राष्ट्र समिति कांग्रेस के साथ 2004 में लोकसभा चुनाव लड़ी थी और उसे 5 सीटें मिलीं. 2004-06 तक मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए-1 में केंद्रीय श्रम और नियोजन मंत्री का जिम्मेदारी उठाई थी.
2006 में उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और फिर भारी बहुमत से सांसद चुने गए. 2008 में उन्होंने अपने 3 सांसदों और 16 विधायकों के साथ फिर इस्तीफा दिया और दूसरी बार सांसद चुने गए. जून 2009 तक वे यूपीए सरकार में थे, लेकिन अलग तेलंगाना राज्य पर यूपीए के नकारात्मक रवैए के कारण वे यूपीए से बाहर आ गए. इसके बाद वे लगातार आंदोलन किया. इसका नतीजा रहा कि यूपीए-2 सरकार को 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले उनकी मांगों के आगे झुकना पड़ा. तेलंगाना को अलग राज्य का दर्जा मिला. इसका श्रेय केसीआर को गया. इसके बाद लोकसभा के साथ हुए चुनाव में केसीआर की पार्टी टीआरएस पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आई. ऐसे में मुख्यमंत्री का ताज केसीआर के सर सजा. अब उन्होंने 8 महीने पहले ही विधानसभा भंग करने की सिफारिश करके दोबारा से चुनाव कराने का दांव चला है.
bhavtarini.com@gmail.com 
