मुख्य सचिव ने संभाला पद, कहा- सरकार की प्राथमिकताओं को तेजी से लागू कराएंगे

मुख्य सचिव ने संभाला पद, कहा- सरकार की प्राथमिकताओं को तेजी से लागू कराएंगे

पटना  
मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह और विकास आयुक्त आमिर सुबहानी ने सोमवार को पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार ने आगे के लिए प्राथमिकताएं तय कर रखी हैं। इनमें सात निश्चय और इसका पार्ट 2 दोनों भी शामिल है। सरकार की सभी प्राथमिकताओं को तेजी से लागू कराएंगे। इसके लिए जो भी पहल करना होगा, उसे हम करेंगे। 

गौरतलब हो कि पूर्व मुख्य सचिव दीपक कुमार का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अरुण कुमार सिंह नये मुख्य सचिव बनाये गये हैं। मुख्य सचिव का पदभार लेते ही उनके पास पहली फाइल मुंगेर गोली कांड से संबंधित पहुंची। इस बाबत उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान मुंगेर में गोली कांड हुआ था, जिसको लेकर पटना हाईकोर्ट में पीआईएल फाइल हुआ है। इस पर राज्य सरकार कोर्ट में अपना पक्ष रखेगी। 


एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कोरोना काल में राजस्व प्रभावित होने के बाद भी राज्य में निर्माण कार्य को प्रभावित नहीं होने दिया गया है। सभी कार्य सुचारू रूप से चले हैं। दूसरी ओर पदभार ग्रहण करते ही उनके कक्ष में आकर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। सबसे पहले विकास आयुक्त आमिर सुबहानी ने उन्हें बधाई दी। आईएएस एसोसिएशन की तरफ से भी उन्हें फूलों का गुलदस्ता देकर बधाई दी गई। बधाई देने वालों में वित्त विभाग के प्रधान सचिव एस सिद्धार्थ, विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, गन्ना उद्योग की सचिव एन विजया लक्ष्मी आदि शामिल थे। 

 निर्वतमान मुख्य सचिव दीपक कुमार को पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने सोमवार को विदाई दी। विदाई समारोह मुख्य सचिवालय के सभागार में आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित थे। मालूम हो कि निवर्तमान मुख्य सचिव दीपक कुमार सोमवार से बतौर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव काम शुरू कर दिया है। इस मौके पर विकास आयुक्त आमिर सुबाहानी, डीजीपी एसके सिंघल, पंचायती राज विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर मुख्य सचिव विवेक कुमार आदि उपस्थित थे।