यूपी पंचायत चुनाव के लिए हरियाणा से बड़े पैमाने पर आ रही अवैध अंग्रेजी शराब

यूपी पंचायत चुनाव के लिए हरियाणा से बड़े पैमाने पर आ रही अवैध अंग्रेजी शराब

लखनऊ
होली और पंचायत चुनाव के मद्देनजर प्रदेश में शराब की तस्करी और जमाखोरी का सिलसिला तेज हो चला है। प्रदेश में पड़ोसी राज्य हरियाणा से इन दिनों बड़े पैमाने पर अवैध अंग्रेजी शराब लायी जा रही है। आबकारी और पुलिस विभाग के प्रवर्तन दस्ते इसकी धरपकड़ भी कर रहे हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार हरियाणा में एक्साईज ड्यूटी कम होने की वजह से यूपी के मुकाबले वहां अंग्रेजी शराब 25 से 30 प्रतिशत सस्ती है। इसलिए होली और पंचायत चुनाव में जरूरतमंदों के बीच होने वाली खपत को हरियाणा की इस सस्ती अंग्रेजी शराब से पूरा करने की जुगत में तस्कर जुट गए हैं।

अपर  मुख्य सचिव आबकारी  संजय आर भूसरेड्डी और आबकारी आयुक्त  पी गुरुप्रसाद के  निर्देशों के क्रम में  मेरठ आबकारी  की प्रवर्तन इकाई ने बागपत ईस्टर्न पेरीफ़ेरल पर एक टाटा एस गोल्ड नम्बर एच.आर. 69 डी. 9816  वाहन से हरियाणा निर्मित 115 पेटी विदेशी मदिरा ज़ब्त की। अभियुक्त राज पाल पुत्र सूबे सिंह निवासी सोनीपत हरियाणा को गिरफ़्तार किया गया। 

 बदायूं की आबकारी टीम ने पुलिस के सहयोग से ट्रक संख्या एच.आर.68-9328 से हरियाणा निर्मित 1158 पेटी विदेशी मदिरा बरामद की है। गाड़ी पर कोई कागजात नहीं था। चालक सहित कुल तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुये  आबकारी अधिनियम  और आई पी सी की धाराओं में एफ आई आर दर्ज कर जेल भेजा गया।