राज्यपाल आनंदीबेन ने प्रदेशभर के स्कूलों में पीपल के पेड़ लगवाने का फरमान राज्य सरकार को किया जारी

राज्यपाल आनंदीबेन ने प्रदेशभर के स्कूलों में पीपल के पेड़ लगवाने का फरमान राज्य सरकार को किया जारी

भोपाल
कभी राजभवन आमजन के देखने के लिए खोलने तो कभी राजभवन में आंगनबाड़ी खुलवाने जैसे नवाचारों के लिए चर्चा में रहने वाले राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अब प्रदेशभर के स्कूलों में पीपल के पेड़ लगवाने का फरमान राज्य सरकार को जारी किया है।

राज्यपाल के उपसचिव केयूर सम्पत ने आयुक्त लोक शिक्षण को पत्र लिखकर कहा है कि सोलह जुलाई को सुबह 11 बजे विद्यालयों में पीपल के पौधे रोपने का काम करे। उन्होंने यह भी कहा है कि पौध रोपण के कार्य का सरकार जमकर प्रचार-प्रसार भी करे। इस संबंध में की गई कार्यवाही की पूरी जानकारी भी राजभवन को भेजने को कहा गया है। पीपल के पेड़ लगवाने के पीछे राजभवन की सोच यह है कि पीपल के पेड़ सर्वाधिक आॅक्सीजन छोड़ते है। पीपल के पेड़ रात के समय भी ज्यादा आक्सीजन छोड़ते है। इससे जो पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है उसे संतुलित करने में मदद मिलेगी। पर्यावरण प्रदूषण के कारण हो रही ग्लोबल वार्मिंग को रोकने में भी इससे मदद मिलेगी।

आयुक्त लोक शिक्षण ने राज्यपाल के इस फरमान का पालन कराने के लिए सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, स्कूलों के प्राचार्यो को निर्देश जारी कर इसका पालन करने को कहा है।सभी स्कूलों में एक साथ पीपल के पेड़ लगाने के लिए शिक्षकों और विद्यार्थियों को तैयार रहने को कहा गया है।

पीपल में धन की देवी लक्ष्मी का वास माना जाता है। हिन्दू धर्म में पीपल के पेड़ की पूजा करने की मान्यता है। इसलिए धार्मिक मान्यताओं के हिसाब से भी लोग इस पेड़ को लगाने आगे आएंगे।