5 साल के मासूम के सामने उसकी मां को दादी और बुआ ने जिंदा जलाया...

5 साल के मासूम के सामने उसकी मां को दादी और बुआ ने जिंदा जलाया...

बैतूल 
मध्य प्रदेश में बैतूल जिले के ससुन्दरा गांव में एक महिला पर उसकी सास और ननद ने केरोसिन डालकर आग लगा दिया. आग में महिला 75 फीसदी से ज्यादा जल गई है. इस घटना का प्रत्यक्षदर्शी पीड़ित महिला का 5 साल का एक बच्चा है, जिसकी आंखों के सामने उसकी मां को जिंदा जला दिया गया.

घटना के संबंध में पूछे जाने पर मासूम बच्चे ने बताया कि उसकी बुआ और दादी ने पहले उसकी मां को बुरी तरह से पीटा और फिर केरोसिन डालकर आग लगा दिया. महिला के चीखने पर उसका पति वहां पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास किया, जिसमें उसके दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए.

इधर, मामले में पीड़ित महिला के परिजनों की तरफ से दहेज प्रताड़ना की बात भी सामने आ रही है. फिलहाल, महिला की हालत बेहद नाजुक है और उसे भोपाल के हमीदिया हॉस्पिटल रेफर किया गया है.

पीड़ित महिला की बहन का कहना है कि शादी के एक साल तक सब कुछ ठीक था, लेकिन बाद में ससुराल वालों ने उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. दहेज के लिए पहले भी 2-3 बार उसे जलाने की कोशिश की जा चुकी है.

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच तेज कर दी है. पुलिस ने जल्द ही मामले में खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही है. पुलिस की मानें तो अब तक इस मामले में अलग-अलग बयान आने से कोई एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है. बैतूल एडिशनल एसपी रामस्नेही मिश्र ने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है.