सेवा सेतु पोर्टल से तीन दिनों में मिला निवास प्रमाण पत्र, हितग्राही ने जताई खुशी

सेवा सेतु पोर्टल से तीन दिनों में मिला निवास प्रमाण पत्र, हितग्राही ने जताई खुशी

रायपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर  जिले के विकासखंड भरतपुर अंतर्गत जनकपुर निवासी दिव्यांश प्रधान को छत्तीसगढ़ शासन के सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से समयबद्ध एवं पारदर्शी शासकीय सेवा का लाभ मिला। उन्होंने स्वय के निवास प्रमाण पत्र के लिए 26 जुलाई 2026 को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन के त्वरित निराकरण के बाद 29 जुलाई 2026 को उनका निवास प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया, जिससे उन्हें समय पर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त हो गया। दिव्यांश प्रधान ने बताया कि सेवा सेतु के माध्यम से आवेदन करने की प्रक्रिया बेहद सरल और सुविधाजनक रही। बिना किसी अनावश्यक भागदौड़ के निर्धारित समय में निवास प्रमाण पत्र मिल जाने से आवश्यक शैक्षणिक एवं अन्य कार्यों में सुविधा हुई। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु व्यवस्था के कारण समय और धन दोनों की बचत हुई तथा पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रही। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आम नागरिकों को शासकीय सेवाएं तेजी से उपलब्ध हो रही हैं। इससे लोगों का सरकारी सेवाओं के प्रति विश्वास बढ़ा है और आवश्यक प्रमाण पत्र समय पर मिल रहे हैं। इस जनहितकारी पहल के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह व्यवस्था आम लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है।