मप्र सहित 5 राज्यों में आज लगेगी चुनाव आचार संहिता, 12 बजे चुनाव आयोग कर सकता है तारीख का ऐलान

नई दिल्ली, मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव की तारीखों का आज ऐलान होगा। चुनाव आयोग इसे लेकर आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। देश के पांच राज्यों में आज से आदर्श आचार संहिता लागू हो सकती है। मुख्य निर्वाचन आयोग ने दोपहर 12:00 बजे दिल्ली के रंग भवन ऑडिटोरियम में प्रेस वार्ता बुलाई है। इस दौरान देश के पांच राज्यों में चुनाव का ऐलान हो सकता है।
सभी राज्यों की मतगणना एक साथ
सूत्रों के मुताबिक, नवंबर दूसरे हफ्ते से दिसंबर के पहले हफ्ते तक अलग-अलग तारीखों और चरणों में इन राज्यों में मतदान हो सकता है। पिछली बार की तरह राजस्थान, मध्य प्रदेश, मिजोरम और तेलंगाना में एक चरण में चुनाव कराए जाने की संभावना है। वहीं, छत्तीसगढ़ में दो चरणों में मतदान कराया जा सकता है। हालांकि, मतदान की तारीख अलग-अलग होने की उम्मीद है। लेकिन सभी चुनावी राज्यों की मतगणना एक साथ कराने का निर्णय लिया जा सकता है।
6 जनवरी 2024 को समाप्त होने वाला है मप्र विधानसभा का कार्यकाल
एमपी की सभी 230 सीटों पर नवंबर 2023 में या उससे पहले चुनाव कराने का ऐलान हो सकता है। राज्य में विधानसभा का कार्यकाल 6 जनवरी 2024 को समाप्त होने वाला है।
14 जनवरी 2024 को खत्म हो रहा राजस्थान का कार्यकाल
राजस्थान में विधानसभा का कार्यकाल 14 जनवरी 2024 को खत्म होने वाला है। 2018 में हुए चुनाव में कांग्रेस ने राज्य में सरकार बनाई थी और अशोक गहलोत मुख्यमंत्री बने थे।
3 जनवरी 2024 को खत्म होगा छत्तीसगढ़ विधानसभा का कार्यकाल
छत्तीसगढ़ की 90 सीटों पर भी चुनाव होने हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा का कार्यकाल 3 जनवरी 2024 को खत्म होगा। पिछला विधानसभा चुनाव नवंबर 2018 में हुआ था। इस चुनाव में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी और भूपेश बघेल राज्य के मुख्यमंत्री बने थे।
तेलंगाना विधानसभा का कार्यकाल 16 जनवरी 2024 को खत्म होने वाला है
तेलंगाना विधानसभा का कार्यकाल 16 जनवरी 2024 को खत्म होने वाला है। 119 सीटों वाले तेलंगाना में दिसंबर 2018 में विधानसभा चुनाव हुए थे और तेलंगाना राष्ट्र समिति ने राज्य में सरकार बनाई थी। इसका नाम अभ भारत राष्ट्र समिति कर दिया गया। चंद्रशेखर राव दूसरी बार मुख्यमंत्री बने थे।
17 दिसंबर 2023 को खत्म होने वाला है मिजोरम विधानसभा का कार्यकाल
40 सीटों वाले मिजोरम विधानसभा का कार्यकाल 17 दिसंबर 2023 को खत्म होने वाला है। राज्य में पिछला विधानसभा चुनाव नवंबर 2018 में हुआ था, जिसमें मिजो नेशनल फ्रंट ने जीत हासिल की थी और राज्य में सरकार बनाई थी। तब जोरमथांगा मुख्यमंत्री बने थे।