भारत के मित्र पद्म विभूषण शिंजो की हत्या, चुनाव कैंपेन के दौरान गोली मारी

भारत के मित्र पद्म विभूषण शिंजो की हत्या, चुनाव कैंपेन के दौरान गोली मारी

मैप में जापान का नारा शहर, जहां हमला किया गया

टोक्यो। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की शुक्रवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। आबे नारा शहर में इलेक्शन कैंपेन के दौरान भाषण दे रहे थे। 42 साल के हमलावर ने पीछे से फायरिंग की। आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी का नाम यामागामी तेत्सुया है और वो आबे की नीतियों से नाखुश था। दो गोलियां लगने के फौरन बाद आबे गिर पड़े। उन्हें हेलिकॉप्टर से नारा मेडिकल यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां छह घंटे तक मेडिकल टीम ने उन्हें बचाने की कोशिश की। इलाज के दौरान आबे को दिल का दौरा भी पड़ा। घटना भारतीय समयानुसार सुबह 8 बजे (जापान के समय के मुताबिक सुबह 11.30 बजे) की है। आबे की जान बचाने की कोशिश करने वाली मेडिकल टीम में शामिल एक डॉक्टर ने कहा कि आबे को लगी एक गोली उनके दिल तक पहुंच गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आबे के अच्छे संबंध रहे। उनकी गुजरात और बनारस यात्रा काफी चर्चित रही। 25 जनवरी 2021 को भारत ने अपने मित्र शिंजो आबे को पद्म विभूषण से सम्मानित किया था।

मोदी बोले- पूरा भारत शोक में डूबा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आबे के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मोदी ने एक ट्वीट में कहा- भारत और जापान के रिश्तों और ग्लोबल पार्टनरशिप में आबे की अहम भूमिका रही। आज पूरे भारत में शोक है। इस मुश्किल वक्त में हम पूरी ताकत के साथ अपने जापानी भाई-बहनों के साथ खड़े हैं। उन्होंने शिंजो के सम्मान में शनिवार को एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा भी की।

हमलावर गिरफ्तार 
हमलावर यामागामी तेत्सुया को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से गन बरामद हुई है। ये किसी टीवी कैमरे की तरह नजर आती है। हमलावर ने हैंडमेड गन का इस्तेमाल किया। वो मेरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स का मेंबर था। हमलावर ने भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

दिल का दौरा भी पड़ा
गोली लगने के बाद शिंजो को दिल का दौरा भी पड़ा। हालांकि अभी इसके बारे में आधिकारिक बयान नहीं आया है। चश्मदीदों के मुताबिक मौके पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी और आबे के शरीर से खून बहता दिखा।

सड़क पर कर रहे थे सभा 
जापान में रविवार को उच्च सदन के चुनाव होने हैं। शिंजो इसके लिए कैंपेनिंग कर रहे थे। सड़क पर एक छोटी सी सभा थी, जिसमें 100 से ज्यादा लोग शामिल थे। जब आबे भाषण देने आए तो पीछे से एक हमलावर ने गोली चलाई। जो वीडियो सामने आया है, उसमें हमले के बाद धुंआ दिखाई दिया। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई।

शिंजो दो टर्म में 9 साल रहे पीएम
67 साल के शिंजो लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़े हैं। 2006-07 के दौरान प्रधानमंत्री रहे। इसके बाद 2012 से 2020 तक 8 साल तक प्रधानमंत्री रहे। उनके नाम सबसे लंबे समय (9 साल) तक पीएम पद पर रहने का रिकॉर्ड है। इससे पहले यह रिकॉर्ड उनके चाचा इसाकु सैतो के नाम था।

दुनिया के 10 बड़े नेताओं की भी ऐसे ही हुई थी हत्या 
1. भारत को आजादी दिलाने वाले महात्मा गांधी की 30 जनवरी 1948 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उन्हें नाथूराम गोडसे ने नजदीक से गोली मार दी थी।  
2. भारत के पहली और इकलौती महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को 31 अक्टूबर 1984 को उनकी ही सिक्योरिटी में लगे दो गार्डों ने मार डाला था।  
3. देश के तत्कालीन पीएम राजीव गांधी की भी हत्या कर दी गई थी। ये बात 21 मई 1991 की है। उस वक्त तमिलनाडु में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे थे।  
4. पाकिस्तान की प्रधानमंत्री रहीं बेनजीर भुट्टो की 27 दिसंबर 2007 में हत्या कर दी गई थी। घटना के वक्त भुट्टो रावलपिंडी में एक रैली कर रही थीं।  
5. ये बात 14 अप्रैल 1865 की है। अमेरिका के 16वें राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन की उस दिन हत्या कर दी थी। जब हमला हुआ तब वह एक थिएटर की ओर जा रहे थे। 
6. अमेरिका के 35वें राष्ट्रपति जॉन एफ केनेडी की हत्या 22 नवंबर 1963 को हुई थी। भारी सुरक्षा के बीच सड़क से गुजर रहे थे। उनके सिर में लगी और दूसरी उनकी गर्दन पर।  
7. अमेरिका में सिविल राइट्स आंदोलन शुरू करने वाले मार्टिन लूथर किंग जूनियर की हत्या भी गोली मारकर हुई थी। ये बात 4 अप्रैल 1968 की है।  
8.इस्राइल के प्रधानमंत्री यित्जाक राबिन की चार नवंबर 1995 को तेल अवीव में हत्या कर दी गई थी। राबिन उस वक्त शांति स्थापित करने के लिए काम कर रहे थे। 
9. 28 जून 1914 की बात है। ऑस्ट्रिया-हंगरी के युवराज आर्कड्यूक फ्रांज फर्डिनेंड की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद ही पहला विश्व युद्ध छिड़ गया। 
10. 17 जनवरी 1961 को कांगो के पहले निर्वाचित प्रधानमंत्री पैट्रिस लुमुम्बा की हत्या हुई थी। बेल्जियन सेना और सीआईए के इशारे पर उन्हें फायरिंग स्क्वाड ने मार डाला था।