नागरिक सुरक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ, पारदर्शिता, समन्वय और आपदा प्रबंधन को मिलेगा डिजिटल सशक्तिकरणः डॉ. किरोड़ी लाल
जयपुर। राज्य में आपदा प्रबंधन, नागरिक सुरक्षा एवं स्वयं सेवक समूह को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नागरिक सुरक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ शुक्रवार को पंत कृषि भवन के सभा कक्ष से आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल द्वारा किया गया।
डॉ. किरोड़ी लाल ने कहा कि नागरिक सुरक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट का यूआरएल http.//cd.rajasthan.gov.in है। यह वेबसाइट नागरिक सुरक्षा सेवाओं, स्वयंसेवकों एवं आमजन के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य करेगी। इसका प्रमुख उद्देश्य आमजन और सरकार के मध्य पारदर्शिता बढ़ाना, बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा युवाओं और स्वयंसेवकों को सेवा के अवसरों से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि वेबसाइट द्वारा विभाग के विजन एवं मिशन, योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, संगठनात्मक ढ़ांचे एवं पंजीकृत स्वयंसेवकों से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई जायेगी। वेबसाइट पर भारत सरकार द्वारा जारी नागरिक सुरक्षा कंपेडियम, नागरिक सुरक्षा कार्य एवं नियम, नागरिक सुरक्षा के सामान्य सिद्धांत, नागरिक सुरक्षाओं की विस्तृत जानकारी, विभाग द्वारा जारी वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट, विभाग से संबंधित नवीनतम आदेश, परिपत्र, दिशा-निर्देश और अधिसूचना इत्यादी उपलब्ध रहेंगे।
वेबसाइट पर विभिन्न प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं जैसे भीषण लू, बाढ़, शीतलहर, चक्रवात, भूकंप, युद्ध कालीन आपात स्थिति, हवाई हमले, ब्लैक आउट एवं अग्नि दुर्घटनों के दौरान क्या करें और क्या न करें की उपयोगी जानकारी उपलब्ध रहेगी। विभाग द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविरों, मोक ड्रिल एवं जन जागरुकता कार्यक्रमों के विवरण सहित आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रक्रिया हेतु आपातकालीन नंबर, जिलेवार संपर्क सूची एवं वरिष्ट अधिकारियों की जानकारी भी रहेगी।
आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि यह वेबसाइट न केवल विभाग की कार्यक्षमता में वृद्धि करेगी बल्कि संकट के समय आम नागरिकों के लिए एक विश्वसनीय डिजिटल साथी के रूप में भी कार्य करेगी। इसके माध्यम से नागरिक सुरक्षा विभाग से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां, योजनाएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम, स्वयंसेवक पंजीकरण तथा आपदा के समय अपनाए जाने वाली आवश्यक सावधानियां एक ही मंच पर सहज रूप से उपलब्ध होंगी।
वर्ष 2015 में नागरिक सुरक्षा विभाग को आपदा प्रबंधन विभाग के अधीन किये जाने की अधिसूचना जारी की गई। आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन की सुरक्षा, जागरुकता एवं राहत कार्यों में नागरिक सुरक्षा विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। अब तक विभाग की पृथक आधिकारिक वेबसाइट न होने के कारण सूचनाओं के केंद्रीकरण में कठिनाई आ रही थी। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा वेबसाइट तैयार करवाई गई है।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा भास्कर ए. सावंत, निदेशक नागरिक सुरक्षा विभाग जगजीत सिंह मोंगा सहित विभाग के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
bhavtarini.com@gmail.com


