सेवा पखवाड़ा अभियान: स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग की दी गयी समझाइश

सेवा पखवाड़ा अभियान: स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग की दी गयी समझाइश

भोपाल, प्रदेश में सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न गतिविधियाँ निरंतर जारी है और इनमें स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हो रहे हैं। सेवा पखवाड़ा अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म-दिन 17 सितम्बर से शुरू किया गया था।

सागर जिले में सेवा पखवाड़ा अभियान में ईशा नगर में विशाल स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया। शिविर में 670 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। महिला सरपंच सहित 5 अन्य महिलाओं ने रक्तदान किया। शिविर में दिव्यांगजन का परीक्षण कर उन्हें प्रमाण-पत्र दिये गये। छतरपुर जिले में पोषण माह के अंतर्गत जिले की समस्त आँगनवाड़ियों में न्यूट्रीशियन वर्कशॉप आयोजित की गयी। महिलाओं को पोषण आहार के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी गयी। टीकमगढ़ नगर में 20 गंदगी वाले स्थानों को चिन्हित कर ‘एक दिन-एक घंटा’ और ‘एक साथ स्वच्छता श्रमदान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार, कलेक्टर विवेक श्रोती और शासकीय अमले ने श्रमदान किया। अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देना होगा। नागरिकों को नगर को स्वच्छ रखने की समझाइश दी गयी।

शहडोल में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने के लिये जन-अभियान परिषद ने रैली-सह-संगोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम को विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने के लिये समाज को जागरूक करना होगा। स्व. दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि स्वदेशी और लघु एवं कुटीर उद्योग भारत की आर्थिक व्यवस्था की आधारशिला है। इसे मजबूत कर भारत को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। संगोष्ठी के पूर्व रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए शासकीय विद्यालय में समाप्त हुई। इस मौके पर जन-प्रतिनिधियों ने "एक पेड़ माँ के नाम'' अभियान में तुलसी पौधों का रोपण किया। जिले के ब्यौहारी में ‘टीबी हारे-देश जीते’ कार्यक्रम में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। टीबी स्क्रीनिंग में 66 गर्भवती महिलाओं की जाँच की गयी। जिले के कोतमा में छात्राओं को पोषण आहार के बारे में जानकारी दी गयी।

अनूपपुर इण्डियन रेडक्रॉस सोसायटी ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया। युवाओं को रक्तदान के महत्व के बारे में बताया गया। शिविर में 20 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। नर्मदापुरम जिले में कमिश्नर कृष्ण गोपाल तिवारी की उपस्थिति में एक दिन-एक घंटा कार्यक्रम में प्रशासनिक अमले ने शासकीय कार्यालय परिसर में श्रमदान किया। बैतूल में नागरिकों को गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग रखने के महत्व के बारे में जानकारी दी गयी। इसी के साथ उन्हें शहर को स्वच्छ रखने का संकल्प भी दिलाया गया। स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता में श्रेष्ठ कार्य करने वालों को पुरस्कृत भी किया गया।

उज्जैन नगरपालिका द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दुर्गा पण्डालों को जीरो वेस्ट बनाने के लिये जागरूक किया गया। व्यावसायिक क्षेत्र में पॉलिथिन पर रोक लगाने के लिये दुकानदारों को समझाइश दी गयी। नागरिकों से कहा गया कि सामान लेते वक्त कपड़े से बने बैग का उपयोग किया जाये। शहर में ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ कार्यक्रम में केन्द्रीय जेल में शिविर लगाया गया। नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव की उपस्थिति में नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जेल बंदियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया गया और उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती सभागार में नि:शुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। नागरिकों को आयुर्वेदिक दिनचर्या और ऋतुचर्या के महत्व के बारे में जानकारी दी गयी। उन्हें अच्छे स्वास्थ्य के लिये योग के महत्व के बारे में बताया गया।

सोशल मीडिया पर देखें खेती-किसानी और अपने आसपास की खबरें, क्लिक करें...

- देश-दुनिया तथा खेत-खलिहान, गांव और किसान के ताजा समाचार पढने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म गूगल न्यूजगूगल न्यूज, फेसबुक, फेसबुक 1, फेसबुक 2,  टेलीग्राम,  टेलीग्राम 1, लिंकडिन, लिंकडिन 1, लिंकडिन 2टवीटर, टवीटर 1इंस्टाग्राम, इंस्टाग्राम 1कू ऐप  यूटयूब चैनल  से जुडें- और पाएं हर पल की अपडेट, देखें-  मप्र समाचार, छत्तीसगढ समाचार, उडीसा समाचार, राजस्थान समाचार, पंजाब समाचार, उप्र समाचार, खेल समाचार, धर्म समाचार, कैरियर समाचार, बिजनेस समाचार